Bharat Express DD Free Dish

इस्लामिक मुल्‍कों की भिड़ंत: PAK ने काबुल में गिराए बम, जवाब में अफगान-तालिबान ने पेशावर पर किया ड्रोन हमला; दर्जनों मरे

इस्लामिक मुल्‍कों पाकिस्तान और अफगानिस्तान में आज खूनी झड़पें तेज हो गईं. पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी पर हवाई हमले किए. इन हमलों में दर्जनों लोगों की मौत हो गई. वहीं, तालिबान ने जवाब में पाक पर ड्रोन दागे हैं.

Pakistan-Afghanistan Clash: इस्‍लामिक मुल्‍कों पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जंग के हालात पैदा हो गए हैं. दोनों देशों में बुधवार शाम को एक बार फिर खूनी झड़पें हुईं, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में बम गिराए, जवाब में तालिबान ने पेशावर पर ड्रोन अटैक कर दिया. हवाई हमलों में दर्जनों लोगों की मौत होने की खबर है. देर शाम दोनों देशों की हुकूमत के बीच बातचीत हुई और 48 घंटे का सीजफायर लागू कर दिया गया.

काबुल और स्पिन बोल्डक में बमबारी

अफगानी मीडिया के अनुसार, पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने राजधानी काबुल और स्पिन बोल्डक में बमबारी की, जिसमें दर्जनों लोगों के मारे जाने की खबर है. इन हमलों के बारे में पाकिस्तान ने कहा कि उसकी सेना किसी भी हमले का मजबूती से जवाब दे सकती है. पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इन हमलों में कंधार प्रांत में तालिबान की चौथी बटालियन और छठी बॉर्डर ब्रिगेड पूरी तरह तबाह हो गई और कई तालिबान लड़ाके और विदेशी लोग मारे गए. हालांकि, अफगान तालिबान ने इन दावों को गलत बताया है.

Pakistan Airstrike In Kabul

तालिबान ने पेशावर पर किया ड्रोन अटैक

पाकिस्तान के हवाई हमलों के जवाब में अफगानिस्तान ने भी जवाबी कार्रवाई की. अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के पेशावर में ड्रोन हमला किया. यह हमला एक प्लाजा के कमरे को निशाना बनाकर किया गया था. दावा किया जा रहा है कि इस कमरे का इस्तेमाल खुफिया गतिविधियों के लिए एक सीक्रेट ऑफिस के तौर पर किया जा रहा था.

बातचीत के जरिए हल हों मुद्दे: पाकिस्तान

इन हमलों और जवाबी कार्रवाई के बाद दोनों देशों ने फिलहाल 48 घंटे के लिए सीजफायर पर सहमति जताई है. रॉयटर्स के मुताबिक, यह सीजफायर भारतीय समयानुसार बुधवार शाम 6:30 बजे से लागू हो गया है. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा है कि दोनों देश बातचीत के जरिए से मुद्दों का समाधान निकालने की कोशिश करेंगे.

Taliban Pakistan Army Clash

कंधार में 15 की मौत, बॉर्डर पर टैंक

इससे पहले मंगलवार रात को भी पाकिस्तान सुरक्षा बलों और अफगान तालिबान के बीच झड़पें हुई थीं. अफगान तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने बताया कि बुधवार सुबह पाकिस्तानी सेना ने कंधार के स्पिन बोल्डक इलाके में हमला किया, जिसमें 12 आम लोग मारे गए और 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए. इसके बाद अफगानिस्तान ने PAK बॉर्डर पर टैंक भेज दिए. पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग (ISPR) ने दावा किया था कि उन्होंने बलूचिस्तान बॉर्डर पर अफगान तालिबान के हमले को नाकाम कर दिया, जिसमें तालिबान के लगभग 15 से 20 मेंबर मारे गए. यह एक हफ्ते के भीतर पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच यह तीसरी बड़ी झड़प थी.

यह भी पढ़िए: पाक-अफगान सीमा पर फिर भड़की आग! खैबर पख्तूनख्वा में तालिबान और पाक सेना के बीच भीषण गोलीबारी, 7 पाक सैनिकों के मारे जाने का दावा



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest