US Iran Conflict: पश्चिम एशिया में सुलग रही युद्ध की आग और मिसाइलों के शोर के बीच कूटनीति का एक नया और चौंकाने वाला अध्याय शुरू हो गया है. हाल ही में पाकिस्तान के इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच पहले दौर की ऐतिहासिक शांति वार्ता बेनतीजा खत्म हो गई थी, जिसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव अपने चरम पर पहुंच गया. लेकिन अब, इस आग को बुझाने के लिए पाकिस्तान ने एक बार फिर मध्यस्थ की भूमिका निभाते हुए एक बड़ा कदम उठाया है. पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर एक उच्चस्तरीय डेलिगेशन के साथ अचानक ईरान (तेहरान) पहुंच गए हैं.
नकवी के साथ तेहरान पहुंचे (us iran war update)
ईरान पहुंचने पर पाकिस्तानी डेलिगेशन का शानदार स्वागत किया गया. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची खुद एयरपोर्ट पर फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और उनके प्रतिनिधिमंडल को रिसीव करने पहुंचे. इस उच्चस्तरीय पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल में सेना प्रमुख के साथ-साथ पाकिस्तान के इंटीरियर मिनिस्टर (गृह मंत्री) मोहसिन नकवी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं. इतने बड़े अधिकारियों का एक साथ तेहरान पहुंचना इस बात का संकेत है कि मामला बेहद संवेदनशील और अंतरराष्ट्रीय महत्व का है.
‘पोस्टमैन’ बना पाकिस्तान (pakistan in us iran peace talks)
पहली शांति वार्ता के फेल होने के बाद दुनिया भर में महायुद्ध की आशंकाएं मंडराने लगी थीं. इस दौरान पाकिस्तान की लगातार यह कूटनीतिक कोशिश रही कि दोनों धुर विरोधी देशों को किसी भी तरह फिर से बातचीत की टेबल पर लाया जाए. मुनीर के इस दौरे को उसी दिशा में उठाया गया सबसे अहम कदम माना जा रहा है. ईरानी मीडिया की माने तो आसिम मुनीर सीधे तौर पर अमेरिका का संदेश (संदेशवाहक के रूप में) लेकर ईरान पहुंचे हैं, ताकि दोनों देशों के बीच रुकी हुई बातचीत का धागा फिर से जोड़ा जा सके.
ये भी पढ़ें: गुजरात तट पर पहुंचा ईरानी ऑयल टैंकर, भारतीय रिफाइनर्स ने खरीद से किया इनकार
तेहरान में हाई-लेवल मंथन (us iran peace talks)
इस दौरे का मुख्य एजेंडा अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की शांति वार्ता की रूपरेखा तैयार करना है. तेहरान में ईरान और पाकिस्तानी डेलिगेशन के बीच बैठकों का दौर शुरू हो गया है. इन बैठकों में अमेरिका द्वारा भेजे गए संदेश पर गहन मंथन किया जा रहा है. पाकिस्तान की कोशिश है कि वह इस्लामाबाद या किसी अन्य तटस्थ स्थान पर फिर से दोनों देशों के शीर्ष अधिकारियों (जिसमें अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस शामिल हो सकते हैं) की बैठक आयोजित कराए.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



