Pakistan News: नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुचर्चित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर न सिर्फ भारत में बल्कि पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. कराची के हिंदू समुदाय ने सड़कों पर ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकाला और ऐतिहासिक मंदिर में फिल्म का पोस्टर लगाया.
फिल्म ‘रामायण’ को लेकर पाकिस्तानी हिंदुओं में भारी उत्साह है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कराची की सड़कों पर लोग जय श्रीराम के नारे लगाते और ‘मेरे घर राम आए हैं’ गाते नजर आ रहे हैं. श्रद्धालुओं ने फिल्म के सुपरहिट होने और ऑस्कर जीतने की कामना करते हुए ऐतिहासिक मंदिर में पोस्टर भी लगाया है.
पाकिस्तान में फिल्म ‘रामायण’ को लेकर भारी क्रेज
रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण’ को लेकर भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों और पड़ोसी देश पाकिस्तान में रहने वाले हिंदू समुदाय में भी जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस भव्य फिल्म की रिलीज का वहां के लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. कराची में लोगों ने फिल्म के सुपरहिट होने की कामना करते हुए सड़कों पर रैली निकाली और ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए.
सड़कों पर गूंजा ‘मेरे घर राम आए हैं’, ढोल-नगाड़ों पर थिरके लोग
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर शेयर किए गए वीडियो में पाकिस्तानी हिंदू ढोल-नगाड़ों के साथ सड़कों पर घूमते और जश्न मनाते दिख रहे हैं. वीडियो में महिलाएं ‘मेरे घर राम आए हैं’ भजन गाती नजर आ रही हैं. इस दौरान एक महिला ने कहा, ‘रणबीर कपूर हम सभी के फेवरेट हैं और हम चाहते हैं कि भगवान राम की कृपा उन पर बनी रहे ताकि फिल्म सुपरहिट हो सके.’
ऐतिहासिक मंदिर में लगाया पोस्टर, ऑस्कर जीतने की कामना
कराची की सड़कों पर जुलूस निकालने के बाद श्रद्धालुओं ने वहां के एक ऐतिहासिक मंदिर में जाकर ‘रामायण’ फिल्म का पोस्टर लगाया. वीडियो बना रहे शख्स ने पूरी स्टारकास्ट को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह फिल्म न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट हो, बल्कि ऑस्कर अवॉर्ड भी अपने नाम करे. इसके बाद सभी ने मिलकर ‘सियावर रामचंद्र भगवान की जय’ के जयकारे लगाए.
मंदिर के पुजारी का संदेश और पूरी कास्ट
मंदिर के पुजारी ने भी इस अवसर पर कहा कि दिवाली पर आ रही रामायण फिल्म को सभी लोग देखेंगे और इसके संदेशों पर अमल करेंगे. उन्होंने कहा कि ऐसी रामायण दोबारा नहीं बन सकती. बता दें कि नितेश तिवारी निर्देशित और नमित मल्होत्रा प्रोड्यूस्ड यह भारत की सबसे महंगी फिल्मों में से एक है. इसमें रणबीर कपूर, साईं पल्लवी, यश, सनी देओल और रवि दुबे जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में हैं.
यह भी पढ़ें-क्यूबा को धमका रहा था US..! भारत ने ले लिया ऐसा स्टैंड; सनक जाएगा ट्रंप का माथा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.







