Pakistan Youth Protest: पाकिस्तान की सरकार अब युवाओं के गुस्से से डरने लगी है. गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने साफ कहा कि अगर सिस्टम में सुधार नहीं हुआ तो ये युवा सब कुछ बदल सकते हैं. उन्होंने यहां तक कह दिया कि आप इन्हें यूथ कहें या कॉकरोच अगर ये एकजुट हो जाएं तो पूरा सिस्टम उलट-पुलट कर देंगे.
युवाओं की नाराजगी
पाकिस्तान इस समय महंगाई, कमजोर अर्थव्यवस्था, कर्ज, हिंसा और बेरोजगारी से जूझ रहा है. नकवी ने हाल ही में स्वीकार किया कि देश की आर्थिक नाकामियां साफ दिख रही हैं. उन्होंने कहा कि युवाओं की मांगें बहुत साधारण हैं न्याय, मेरिट पर नौकरियां और सरकारी पदों तक समान पहुंच. लेकिन सरकार उन्हें यह सब देने में नाकाम रही है.
कॉकरोच प्रोटेस्ट का जिक्र
नकवी ने चेतावनी दी कि अगर युवाओं की उम्मीदें पूरी नहीं हुईं तो भारत जैसे ‘कॉकरोच प्रोटेस्ट’ की स्थिति पाकिस्तान में भी बन सकती है. उन्होंने कहा कि युवा सिर्फ लैपटॉप या थोड़ी रकम नहीं चाहते बल्कि मेरिट पर रोजगार चाहते हैं.
सिस्टम को रीसेट करने की मांग
गृह मंत्री ने सार्वजनिक मंच से स्वीकार किया कि पाकिस्तान की मौजूदा शासन व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. उन्होंने कहा कि देश का 70 साल पुराना ढांचा अब नाकाम साबित हुआ है और इसमें आमूल-चूल बदलाव की जरूरत है.
नए प्रांत बनाने की बात
पाकिस्तान इकोनॉमिक समिट में बोलते हुए नकवी ने नए प्रशासनिक यूनिट और नए प्रांत बनाने की बात कही. उन्होंने भारत का उदाहरण दिया कि आजादी के समय वहां 14 प्रांत थे, जो अब बढ़कर 29 हो गए हैं. उनका कहना था कि सिस्टम को लोगों के करीब लाना जरूरी है ताकि न्याय और सुविधाएं आसानी से मिल सकें.
राजनीतिक दलों और व्यापारियों से अपील
नकवी ने राजनीतिक दलों से कहा कि वे मतभेद भुलाकर एक कमरे में बैठें और सुधारों पर सहमति बनाएं. उन्होंने व्यापारिक समुदाय से भी अपील की कि वे सिर्फ चुनाव फंडिंग तक सीमित न रहें बल्कि राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएं.
ये भी पढ़ें-हिंदू-मुस्लिम की आग में सुलग रहा नेपाल, 8 साल में 17वीं बार हिंसा, किसने सुलगाई चिंगारी?
‘युवाओं की उम्मीदें पूरी करना जरूरी’
गृह मंत्री ने कहा कि युवाओं को सिर्फ छोटे-मोटे लाभ नहीं चाहिए. वे मेरिट पर नौकरियां और बेहतर अवसर चाहते हैं. नकवी ने साफ कहा कि प्रधानमंत्री चाहे कितनी भी मेहनत करें लेकिन जब तक सिस्टम को रीसेट नहीं किया जाएगा, स्थायी सुधार संभव नहीं है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

