Bharat Express DD Free Dish

‘बातचीत का इंतजार है’, पीएम मोदी के इटली पहुंचने पर जॉर्जिया मेलोनी ने किया शानदार स्वागत

पीएम मोदी अपने 5 देशों के दौरे के आखिरी पड़ाव इटली पहुंच गए हैं. रोम में पीएम जॉर्जिया मेलोनी से डिनर पर मुलाकात और कोलोसियम के दौरे के बाद, आज दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर द्विपक्षीय वार्ता होगी.

pm-modi-italy-visit-meets-giorgia-meloni-rome-colosseum-bilateral-talks-strategic-partnership

इटली पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की है. दोनों नेताओं ने डिनर पर मुलाकात के दौरान अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा की. इसके बाद उन्होंने रोम के प्रतिष्ठित ऐतिहासिक स्मारक कोलोसियम का भी दौरा किया. रोम पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी ने वहां मौजूद प्रवासी भारतीयों से भी गर्मजोशी से मुलाकात की.

सोशल मीडिया पर ‘दोस्ती’ का संदेश

पीएम मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शेयर करते हुए लिखा, “रोम में उतरने के बाद मुझे प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ डिनर पर मिलने का अवसर मिला, जिसके बाद मैंने मशहूर कोलोसियम का दौरा किया.” उन्होंने द्विपक्षीय बातचीत का बेसब्री से इंतजार होने की बात भी कही. वहीं, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी पीएम मोदी के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त.”

रणनीतिक साझेदारी और संयुक्त घोषणा पत्र पर नजर

बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी और जॉर्जिया मेलोनी के बीच ऐतिहासिक विला डोरिया पैम्फिली में औपचारिक बैठक होगी. प्रधानमंत्री मोदी अपने 5 देशों के दौरे के आखिरी पड़ाव के लिए इटली में हैं. उम्मीद है कि इस द्विपक्षीय बातचीत का मुख्य केंद्र व्यापार, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, रणनीतिक सहयोग और तकनीकी साझेदारी जैसे अहम मुद्दे होंगे. इसके बाद दोनों नेता भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए एक संयुक्त घोषणा पत्र भी जारी करेंगे.

ये भी पढ़ें: करीब डेढ़ साल बाद पीएम मोदी और ट्रंप होंगे आमने-सामने, AI और चीन पर हो सकती है बड़ी चर्चा

विदेश मंत्रालय का बयान

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी में एक नया अध्याय जुड़ रहा है. इटली के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया था. यह यात्रा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मजबूत और बहुआयामी रिश्तों को एक नई रफ्तार देगी.

नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read