Bharat Express DD Free Dish

पांच देशों के दौरे के आखिरी चरण में इटली पहुंचे पीएम मोदी, एयरपोर्ट पर विदेश मंत्री ने किया भव्य स्वागत

पीएम मोदी अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में इटली पहुंच गए हैं. रोम में पीएम मोदी इटली के राष्ट्रपति मैटारेला और पीएम जॉर्जिया मेलोनी के साथ रक्षा, व्यापार और स्वच्छ ऊर्जा जैसे अहम मुद्दों पर द्विपक्षीय वार्ता करेंगे.

pm-modi-italy-visit-rome-giorgia-meloni-meeting-strategic-partnership-security

पीएम मोदी अपने पांच देशों के दौरे के आखिरी चरण में इटली की राजधानी रोम पहुंच गए हैं. इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने फिमिसिनो एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया. यह दौरा भारत और इटली के कूटनीतिक और व्यापारिक रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए बेहद अहम माना जा रहा है. इससे पहले पीएम मोदी जून 2024 में जी-7 (G7) समिट के लिए इटली गए थे.

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और स्पेशल मॉनिटरिंग

पीएम मोदी के रोम दौरे को लेकर सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए गए हैं. इटली की पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियों ने एक खास सिक्योरिटी सिस्टम लागू किया है जो हर स्टॉप की भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखकर बनाया गया है. पीएम मोदी पियाजा डेला रिपब्लिका के ‘अनंतारा होटल’ में रुकेंगे, जहां लॉ एनफोर्समेंट की स्पेशल पेट्रोलिंग और चेकिंग की जा रही है. इसके साथ ही स्पेशल ऑपरेशन यूनिट और पोस्टल पुलिस भी संभावित खतरों को रोकने के लिए अलर्ट मोड पर है.

जॉर्जिया मेलोनी और इटली के राष्ट्रपति से खास मुलाकात

अपने इस दौरे पर पीएम मोदी इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला से क्विरिनाले पैलेस में मिलेंगे. इसके बाद इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ विला पैम्फिली में एक अहम समिट होगी, जिसे खास निगरानी में रखा गया है. दोनों नेता भारतीय और इटैलियन औद्योगिक समूहों के प्रमुखों के साथ वर्किंग लंच में भी शामिल होंगे. इटली से रवाना होने से पहले पीएम मोदी खाद्य और कृषि संगठन (FAO) का भी दौरा करेंगे.

रणनीतिक कार्य योजना और द्विपक्षीय व्यापार पर जोर

विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में आई मजबूत गति की पृष्ठभूमि में हो रही है. दोनों देश ‘संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029’ को सक्रिय रूप से लागू कर रहे हैं. भारत और इटली के बीच द्विपक्षीय व्यापार तेजी से बढ़ा है, जो 2025 में 16.77 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है. इस दौरे में रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा निवेश को और बढ़ावा देने पर खास फोकस रहेगा.

ये भी पढ़ें: PM मोदी की अपील के बाद सिक्किम पहला राज्य बना, जहां फ्यूल सेविंग के लिए लागू हुई ‘ऑड-ईवन’ व्हीकल पॉलिसी

नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read