पीएम मोदी ने मंगलवार को ओस्लो में अपनी आइसलैंड की समकक्ष क्रिस्ट्रुन फ्रॉस्टाडॉटिर के साथ एक अहम द्विपक्षीय बैठक की. इस महत्वपूर्ण बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल, विदेश सचिव विक्रम मिस्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे. प्रधानमंत्री मोदी इस समय नॉर्वे के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जहां उनका फोकस नॉर्डिक देशों के साथ भारत के रिश्तों को नई ऊंचाई पर ले जाना है.
भारत-नॉर्डिक सहयोग पर जोर
विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, यह बैठक अप्रैल 2018 में स्टॉकहोम और मई 2022 में कोपेनहेगन में हुए पिछले दो शिखर सम्मेलनों की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए भारत-नॉर्डिक देशों के रिश्तों को और रणनीतिक बनाएगी. इस बार विशेष रूप से टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, ग्रीन ट्रांजिशन, नवीकरणीय ऊर्जा, सस्टेनेबिलिटी, ब्लू इकॉनमी, रक्षा, अंतरिक्ष और आर्कटिक जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर फोकस किया जा रहा है.
व्यापार शिखर सम्मेलन और EFTA समझौते पर चर्चा
सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी ने ओस्लो में ‘भारत-नॉर्वे व्यापार और रिसर्च समिट’ में भी हिस्सा लिया. यहां उन्होंने भारत और ईएफटीए (EFTA) के बीच व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते के बाद दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग पर जोर दिया. इस कार्यक्रम में 50 से ज्यादा कंपनियों के सीईओ और भारत-नॉर्वे के व्यापार व रिसर्च सेक्टर से 250 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए, जहां दोनों देशों की कंपनियों के बीच कई बड़े समझौते भी हुए.
किंग हेराल्ड-V से मुलाकात
इससे पहले नॉर्वे पहुंचने पर एक विशेष पहल के तहत नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर ने खुद एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया था. अपने इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने ओस्लो के रॉयल पैलेस में किंग हेराल्ड-V से भी मुलाकात की. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने बताया कि इस दौरान दोनों नेताओं ने उभरती नई तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की और पीएम मोदी ने कहा कि भारत-नॉर्वे की पुरानी दोस्ती साझा मूल्यों, लोकतंत्र और कानून के शासन पर आधारित होकर लगातार मजबूत हो रही है.
नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

