PM Modi Uzbekistan Visit- bharat express
PM Modi Uzbekistan Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर उज्बेकिस्तान पहुंचे. ताशकंद पहुंचने के बाद उन्होंने राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव के साथ ‘यंगी उज्बेकिस्तान स्मारक’ का दौरा किया और वहां पुष्पांजलि अर्पित की. पीएम मोदी ने कहा कि यह स्मारक उज्बेक लोगों की आकांक्षाओं और देश की प्रगति को दर्शाता है.
‘यंगी उज्बेकिस्तान स्मारक’ को बताया प्रगति का प्रतीक
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर स्मारक की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि ताशकंद पहुंचने के बाद वह राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ ‘यंगी उज्बेकिस्तान स्मारक’ पर पुष्पांजलि अर्पित करने पहुंचे. उन्होंने कहा कि यह स्मारक उज्बेक लोगों की आकांक्षाओं और प्रगति को दर्शाता है. पीएम मोदी ने अपनी यात्रा की शुरुआत इस स्थान से करने पर खुशी भी जाहिर की.
पार्क में दोनों नेताओं ने देखीं सांस्कृतिक कलाकृतियां
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव ने ‘यंगी उज्बेकिस्तान पार्क’ में उज्बेक संस्कृति और इतिहास को दर्शाने वाली कलाकृतियों का अवलोकन किया. इस दौरान दोनों नेताओं ने उज्बेकिस्तान की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी विभिन्न चीजों को देखा. यह मुलाकात दोनों देशों के बीच राजनीतिक संबंधों के साथ-साथ सांस्कृतिक जुड़ाव को भी दर्शाती है.
Upon landing in Tashkent, went to lay a wreath at the Yangi Uzbekistan Monument with President Mirziyoyev.
The Yangi Uzbekistan Monument reflects the aspirations and progress of the Uzbek people. Glad to begin my visit by coming here.
Toshkentga yetib kelganimdan so‘ng,… pic.twitter.com/7VHDC0esBt
— Narendra Modi (@narendramodi) August 29, 2026
ताशकंद पहुंचने पर हुआ गर्मजोशी से स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ताशकंद पहुंचने पर हुए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए राष्ट्रपति मिर्जियोयेव का आभार जताया. उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि राष्ट्रपति द्वारा किए गए विशेष स्वागत के लिए वह उनके आभारी हैं. पीएम मोदी ने बताया कि यह उज्बेकिस्तान की उनकी चौथी यात्रा है. उन्होंने कहा कि उनकी बार-बार की यात्राएं दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों की गहराई और उनमें आ रही गति को दर्शाती हैं.
व्यापार से ऊर्जा तक सहयोग बढ़ाने पर होगी चर्चा
दो दिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे. इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश, डिजिटल कनेक्टिविटी, रक्षा और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा होने की उम्मीद है. प्रधानमंत्री मोदी ने यात्रा से पहले कहा था कि हाल के वर्षों में भारत और उज्बेकिस्तान की रणनीतिक साझेदारी में उल्लेखनीय प्रगति हुई है. उन्होंने राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ दोनों देशों के साझा विकास विजन को आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा की उम्मीद जताई.
यह भी पढ़ें: ‘4 दिन, 2 देश और SCO का महामंच…!’ पीएम मोदी के मध्य एशिया दौरे के क्या हैं मायने? जानें पूरी टाइम लाइन
‘विकसित भारत 2047’ और ‘उज्बेकिस्तान 2030’ पर फोकस
पीएम मोदी और राष्ट्रपति मिर्जियोयेव की वार्ता में ‘विकसित भारत 2047’ और ‘उज्बेकिस्तान 2030’ के साझा विकास विजन को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा. प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश व्यापार, निवेश, डिजिटल क्षेत्र, रक्षा और ऊर्जा सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को नई गति दे सकते हैं. उनका यह दौरा भारत और उज्बेकिस्तान के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




