Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

ताशकंद में योग सत्र में शामिल हुए PM मोदी, प्रतिभागियों से की मुलाकात; दिखा भारत-उज्बेक संस्कृति का संगम

PM Modi Yoga Session Uzbekistan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ताशकंद में योग फेडरेशन ऑफ उज्बेकिस्तान के योग सत्र में हिस्सा लिया और प्रतिभागियों से मुलाकात कर बातचीत की. दौरे के दौरान पीएम मोदी ने ‘यांगी उज्बेकिस्तान स्मारक’ पर श्रद्धांजलि दी और भारतीय समुदाय से मुलाकात कर दोनों देशों के सांस्कृतिक रिश्तों पर जोर दिया.

PM Modi Yoga Session Uzbekistan bharat express

PM Modi Yoga Session Uzbekistan- bharat express

PM Modi Yoga Session Uzbekistan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ताशकंद में योग फेडरेशन ऑफ उज्बेकिस्तान की ओर से आयोजित योग सत्र में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने योग सत्र में शामिल प्रतिभागियों से मुलाकात की और उनसे बातचीत भी की. पीएम मोदी का यह कार्यक्रम भारत और उज्बेकिस्तान के बीच बढ़ते सांस्कृतिक संबंधों की झलक भी पेश करता है.

योग सत्र में प्रतिभागियों से मिले PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने ताशकंद में आयोजित योग कार्यक्रम में प्रतिभागियों के साथ समय बिताया. योग को भारत की प्राचीन परंपरा और वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य एवं कल्याण का माध्यम बताते हुए दोनों देशों के बीच इसके बढ़ते प्रभाव की झलक इस कार्यक्रम में देखने को मिली. प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को अपने दो दिवसीय उज्बेकिस्तान दौरे पर ताशकंद पहुंचे थे. वहां पहुंचने पर उन्होंने हवाई अड्डे पर हुए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव का आभार जताया.

‘यांगी उज्बेकिस्तान स्मारक’ पर अर्पित की श्रद्धांजलि

योग कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के साथ ‘यांगी उज्बेकिस्तान स्मारक’ का दौरा किया. उन्होंने यहां श्रद्धांजलि अर्पित की और स्मारक को उज्बेक लोगों की आकांक्षाओं और देश की प्रगति का प्रतीक बताया. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि ताशकंद पहुंचने के बाद उन्होंने राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि अपनी यात्रा की शुरुआत इस स्थान से करना उनके लिए खुशी की बात रही.

पार्क में दोनों नेताओं ने देखीं सांस्कृतिक कलाकृतियां

यांगी उज्बेकिस्तान पार्क में प्रधानमंत्री मोदी के साथ राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव भी मौजूद रहे. दोनों नेताओं ने वहां उज्बेकिस्तान की संस्कृति और इतिहास को दर्शाने वाली विभिन्न कलाकृतियों का अवलोकन किया. इस दौरान भारतीय समुदाय के बड़ी संख्या में लोगों ने भी प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया. ताशकंद में रह रहे भारतीयों ने पीएम मोदी के प्रति अपना स्नेह और उत्साह व्यक्त किया.

भारतीय प्रवासी समुदाय को बताया ‘जीवंत सेतु’

प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय के साथ मुलाकात को लेकर भी अपनी भावनाएं साझा कीं. उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासी समुदाय भारत और उज्बेकिस्तान के बीच एक जीवंत सेतु की तरह है. पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा कि ताशकंद में भारतीय समुदाय के प्यार और स्नेह से वह अभिभूत हैं. उन्होंने कहा कि प्रवासी समुदाय दोनों देशों की दोस्ती को और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है.

भारतीय और उज्बेक संस्कृति का दिखा संगम

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने स्वागत समारोह के दौरान पेश किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी सराहना की. कार्यक्रम में भारतीय और उज्बेक संगीत परंपराओं का खूबसूरत संगम देखने को मिला. पीएम मोदी ने तबला प्रस्तुति की एक झलक साझा करते हुए कहा कि तबला, डोइरा और चांग जैसे वाद्ययंत्रों का मेल दोनों देशों के गहरे सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाता है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
    Tags:

Also Read


Pension Mission Shakti Digital