Russia Ukraine Ceasefire: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर घोषणा की है कि रूस और यूक्रेन के बीच तीन दिन का युद्धविराम होगा. यह सीजफायर 9, 10 और 11 मई तक लागू रहेगा. ट्रंप ने कहा कि यह कदम रूस के विक्ट्री डे सेलिब्रेशन के साथ-साथ यूक्रेन के लिए भी खास है क्योंकि दोनों ही देश द्वितीय विश्व युद्ध का अहम हिस्सा रहे हैं.
ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप ने बताया कि इस सीजफायर के दौरान सभी सैन्य गतिविधियां रोक दी जाएंगी और दोनों देशों से 1,000-1,000 कैदियों की अदला-बदली होगी. उन्होंने कहा कि यह पहल उन्होंने खुद की थी और इसके लिए राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति जेलेंस्की का आभार जताया. ट्रंप ने उम्मीद जताई कि यह लंबे और कठिन युद्ध के अंत की शुरुआत साबित हो सकती है.

जेलेंस्की का क्या कहना है?
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने भी इस सीजफायर की पुष्टि की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमेरिकी मध्यस्थता से हुई बातचीत के तहत रूस ने 1,000 कैदियों के बदले 1,000 कैदियों की अदला-बदली पर सहमति दी है. जेलेंस्की ने कहा कि यह कदम चार साल से ज्यादा पुराने युद्ध को खत्म करने की दिशा में एक अहम पड़ाव है.
उम्मीद की किरण
ट्रंप ने अपने संदेश में यह भी कहा कि बातचीत जारी है और हर दिन दुनिया इस बड़े संघर्ष के अंत के और करीब पहुंच रही है. द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यह सबसे बड़ा सैन्य टकराव माना जा रहा है और अब उम्मीद है कि शांति की राह खुल सकती है.
कब से जंग जारी है?
रूस-यूक्रेन युद्ध की शुरुआत 20 फरवरी 2014 को हुई थी, जब यूक्रेन की ‘रिवोल्यूशन ऑफ डिग्निटी’ के बाद रूस ने क्रीमिया पर कब्ज़ा कर लिया. इसके बाद डोनबास क्षेत्र में रूसी समर्थित विद्रोहियों और यूक्रेनी सेना के बीच संघर्ष शुरू हुआ. शुरुआती वर्षों में यह लड़ाई सीमित स्तर पर रही लेकिन फरवरी 2022 में रूस ने यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर हमला कर दिया, जिससे यह संघर्ष द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप का सबसे बड़ा युद्ध बन गया. आज भी यह युद्ध जारी है और लाखों लोग विस्थापित हो चुके हैं, जबकि हजारों सैनिक और नागरिक अपनी जान गंवा चुके हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




