S Jaishankar Statement On pakistan: भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने चेन्नई के आईआईटी मद्रास में एक कार्यक्रम को संबोधित किया. यहां उन्होंने पाकिस्तान पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भारत के कुछ पड़ोसी अच्छे हैं, लेकिन कुछ बुरे भी हैं.
एस जयशंकर (S Jaishankar) ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा कि पश्चिम का पड़ोसी देश जानबूझकर आतंकवाद फैला रहा है. ऐसे देश के साथ अच्छे रिश्ते नहीं रखे जा सकते. भारत को अपने लोगों की सुरक्षा का पूरा हक है. हम जो जरूरी कदम उठाना पड़ेगा, उठाएंगे.
‘आतंकवाद रोकें, अन्यथा रिश्ते तो बिगड़ेंगे’
भारतीय विदेश मंत्री ने कहा कि कई साल पहले भारत ने पानी बांटने का समझौता (Indus Waters Treaty) किया था. लेकिन यह समझौता अच्छे पड़ोसी रिश्तों पर आधारित था. अगर कोई देश दशकों तक आतंकवाद करता रहे, तो रिश्ते अच्छे नहीं रह सकते. आप पानी मांगें और आतंकवाद भी फैलाते रहें, यह दोनों साथ नहीं चल सकते.
‘हम खुद तय करेंगे आतंक से निपटने का तरीका’
भारतीय विदेश मंत्री ने कहा कि ‘आतंकवाद से निपटने का तरीका भारत खुद तय करेगा. कोई बाहर से हमें नहीं बता सकता कि क्या करें या क्या न करें. भारत अपनी सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा. किसी दबाव में नहीं आएगा.’
यह बयान ऐसे समय में आया है जब अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने कई पर्यटकों की हत्या कर दी थी. इसके बाद भारत-पाकिस्तान रिश्ते और खराब हो गए थे. एस जयशंकर का यह भाषण (S Jaishankar IIT Madras Speech) भारत की मजबूत नीति को दिखाता है. वे छात्रों से बात कर रहे थे और विदेश नीति पर बोल रहे थे.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
