Saudi Arabia Houthi Attack: सऊदी अरब की सुरक्षा का जिम्मा संभालने और ‘मक्का पैक्ट’ (Mecca Pact) के तहत अपनी सेना भेजने वाले पाकिस्तान और तुर्किये की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहुत बड़ी फजीहत हो गई है. यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के दो सबसे प्रमुख हवाई अड्डों-रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक साथ घातक बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से भीषण हमला बोल दिया है.
इस दोहरे हमले में मोरक्को, अल्जीरिया और सूडान के 3 विदेशी नागरिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 36 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हूतियों के इस अचानक हमले के सामने पाकिस्तान और तुर्की की सुरक्षा टुकड़ियां मूकदर्शक बनी देखती रह गईं.
हूतियों के आगे बेबस हुए पाकिस्तानी फौज?(Saudi Arabia Houthi Attack)
हाल ही में सऊदी अरब की रक्षा के नाम पर पाकिस्तान और तुर्की ने अपनी-अपनी फौजी टुकड़ियां सऊदी अरब में तैनात की थीं. लेकिन 6 और 7 अक्टूबर को हुए इस भीषण हमले ने साबित कर दिया कि पाकिस्तान की सेना हूतियों के आधुनिक ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइल तकनीक के आगे पूरी तरह नाकाम है.
रियाद के अति-सुरक्षित माने जाने वाले किंग खालिद एयरपोर्ट और आभा एयरपोर्ट पर हूती मिसाइलें सीधा निशाना साधने में कामयाब रहीं, जिससे शहबाज शरीफ और रजब तैयब एर्दोगन के रक्षा दावों की हवा निकल गई है.
अरामको रिफाइनरी भी सुलगी
हूती सेना के प्रवक्ता याह्या सरी (Yahya Saree) ने टेलीग्राम पर बयान जारी कर इस भीषण हमले की पूरी जिम्मेदारी ली. याह्या ने दावा किया कि उन्होंने सऊदी अरब पर 3 बड़े सैन्य अभियान चलाए:
पहला हमला: रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर, जिससे हवाई यातायात पूरी तरह ठप हो गया.
दूसरा हमला: रबीघ स्थित दुनिया की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी अरामको (Aramco) पर, जहां मिसाइल गिरते ही भीषण आग लग गई.
तीसरा हमला: आभा एयरपोर्ट, खमिस मुशैत एयरबेस, असीर क्षेत्र के अकिफा कैंप, नजरा और जिजान में रणनीतिक ठिकानों पर ताबड़तोड़ गोलाबारी की गई.
भारत की एयरलाइंस अलर्ट पर
सऊदी अरब में गहराते इस युद्ध संकट के बीच भारतीय विमानन कंपनियों ने तुरंत बड़ा कदम उठाया है. एयर इंडिया, इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सुरक्षा कारणों से रियाद आने-जाने वाली अपनी तमाम उड़ानें 10 अक्टूबर तक के लिए रद्द कर दी हैं.
रियाद एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों से अपील की है कि वे हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले सीधे एयरलाइंस से अपनी उड़ानों का स्टेटस जरूर जांच लें. प्रभावित भारतीय यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त चार्ज के टिकट रीशेड्यूल या पूरा रिफंड का विकल्प दिया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- ‘अंबानी-अडानी से बैर, विदेशी बिजनेसमैन से प्रेम…!’ एलोन मस्क को क्यों भा गए राहुल गांधी? बोले-‘थैंक यू’
एयरपोर्ट पर पसरा मातम
सऊदी अरब की जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (GACA) के मुताबिक, इन आतंकी हमलों में बेकसूर यात्रियों को निशाना बनाया गया:
आभा एयरपोर्ट: यहां मोरक्को और अल्जीरिया की दो महिलाओं की जान चली गई, जबकि 28 लोग घायल हुए. घायलों में सऊदी, बांग्लादेशी और फिलीपींस के नागरिक शामिल हैं.
किंग खालिद एयरपोर्ट (रियाद): यहां 1 सूडानी नागरिक की मौत हुई और 8 लोग घायल हुए, जिनमें 5 सऊदी नागरिक, 2 मिस्र और 1 पाकिस्तानी नागरिक शामिल हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


