Bharat Express DD Free Dish

84 हजार के आबादी वाले शहर में घुस आए 60 हजार अवैध प्रवासी, स्पेन के स्यूटा में मचा हाहाकार, 67 की मौत

Spain Ceuta Migrants: स्पेन के स्यूटा शहर में मोरक्को से 60 हजार अवैध प्रवासियों की घुसपैठ ने संकट खड़ा कर दिया.

Spain Ceuta Migrants: स्पेन का स्यूटा शहर इन दिनों दुनिया भर में सुर्खियों में है. अफ्रीका के उत्तर में बसे इस छोटे से शहर में पड़ोसी देश मोरक्को से करीब 60 हजार लोग अवैध तरीके से घुस आए. समुद्र और जमीन दोनों रास्तों से हुई इस घुसपैठ ने 84 हजार की आबादी वाले शहर को पूरी तरह हिला दिया. अचानक आई भीड़ शहर की जनसंख्या के 70 प्रतिशत से भी ज्यादा हो गई.

सुरक्षा बलों की सख्ती

स्थिति को संभालने के लिए सुरक्षा बलों ने रोकथाम की कोशिश की. इस दौरान कई लोगों की जान चली गई. स्पेन सरकार ने जानकारी दी कि मरने वालों की संख्या बढ़कर 67 हो गई है. हालात को देखते हुए सरकार ने सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया और समुद्र की ओर जाने वाली सीमा पर नया ब्लॉकर बैरियर लगाने की घोषणा की.

समुद्र और जमीन से घुसपैठ

प्रवासियों का नजारा बेहद खतरनाक था. कोई समुद्र में तैरते हुए दिखाई दिया तो कोई ट्यूब पकड़कर आगे बढ़ रहा था. कई लोग नावों पर सवार होकर सीमा पार करने की कोशिश कर रहे थे. हालात बिगड़ने पर सेना को तैनात करना पड़ा और सुरक्षा बलों ने हवाई फायरिंग तक करनी पड़ी.

हजारों लोग अब भी फंसे

स्पेन के अधिकारियों ने बताया कि करीब 37 हजार लोग अपनी मर्जी से वापस मोरक्को लौट गए हैं. लेकिन अभी भी हजारों लोग स्यूटा में फंसे हुए हैं. इनमें से कई फुटपाथ और खुले स्थानों पर रह रहे हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, करीब 7 हजार बच्चे और नाबालिग भी इस भीड़ का हिस्सा हैं. प्रवासियों की मौत और उनके मानवाधिकारों को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं.

स्यूटा की खास स्थिति

स्यूटा शहर चारों तरफ से मोरक्को से घिरा हुआ है, लेकिन प्रशासनिक रूप से यह स्पेन के अधीन है. यूरोपीय संघ का हिस्सा होने के कारण यहां बेहतर जिंदगी की तलाश में लोग लगातार घुसपैठ करते रहते हैं. स्पेन और मोरक्को के बीच समुद्री दूरी महज 14 किलोमीटर है.

ये भी पढ़ें-एक बार फिर तेल-गैस की होने वाली है किल्लत! ईरान भेजने वाला है भस्मासुर, जारी की टारगेट लिस्ट

सुप्रीम कोर्ट का फैसला और अफवाहें

रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्पेन के सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही आदेश दिया था कि स्यूटा पहुंचने वाले किसी भी व्यक्ति को बिना सुनवाई के वापस नहीं भेजा जाएगा. इसी फैसले के बाद अफवाहें फैल गईं और बड़ी संख्या में लोग सीमा पार कर स्यूटा में दाखिल होने लगे.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read