Bharat Express DD Free Dish

थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर फिर भड़का युद्ध, ट्रंप की मध्यस्थता वाला सीजफायर टूटा

Thailand Cambodia War: थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद फिर युद्ध में बदल गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता में हुआ सीजफायर दो महीने भी नहीं टिक पाया और सोमवार तड़के थाईलैंड ने एयर स्ट्राइक कर दी.

Thailand Cambodia War: थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद एक बार फिर युद्ध में बदल गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता में हुए सीजफायर के बावजूद सोमवार तड़के थाईलैंड ने कंबोडिया की सीमा पर एयर स्ट्राइक कर दी. थाई सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल विंथाई सुवारी ने बताया कि उबोन रत्चाथानी प्रांत में हुई झड़पों में एक सैनिक की मौत हो गई और चार घायल हुए.

F-16 की तैनाती और गोलीबारी

थाई सेना ने सीमा पर F-16 लड़ाकू विमानों को तैनात कर दिया है. रविवार को सी सा केट प्रांत में कंबोडियाई सैनिकों के हमले के बाद सोमवार सुबह करीब 5 बजे से गोलीबारी शुरू हुई. छोटे हथियारों और इनडायरेक्ट फायर से लगातार फायरिंग हुई. रॉयल थाई एयर फोर्स ने सुरानारी टास्क फोर्स के साथ मिलकर जवाबी कार्रवाई की.

थाईलैंड का आरोप

थाई सेना का कहना है कि कंबोडिया ने सीमा पर भारी हथियार और लड़ाकू यूनिट्स तैनात कर दिए थे. इन गतिविधियों से थाईलैंड की राष्ट्रीय सुरक्षा और सीमावर्ती नागरिकों को खतरा था. इसी वजह से हवाई ताकत का इस्तेमाल किया गया ताकि कंबोडिया की सैन्य क्षमताओं को कम किया जा सके.

कंबोडिया का दावा

कंबोडिया के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने थाई सेना पर “क्रूर और अमानवीय” हमलों का आरोप लगाया. मंत्रालय ने कहा कि यह हमला हाल ही में हुए द्विपक्षीय शांति समझौते का गंभीर उल्लंघन है. कंबोडियाई सेना ने दावा किया कि थाई सैनिकों ने प्रीह विहार मंदिर और आसपास के इलाकों पर टैंक से गोले दागे.

मंदिरों पर हमला

कंबोडियाई सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल मैली सोचियाटा ने बताया कि हमले आन सेस इलाके से शुरू हुए और बाद में टैमोन थोम मंदिर व प्रीह विहार मंदिर तक फैल गए. कंबोडिया ने इसे कई दिनों की उकसावे वाली कार्रवाई का नतीजा बताया. हालांकि, कंबोडिया ने कहा कि उसकी सेना ने संयम बरता और जवाबी गोलीबारी नहीं की.

ये भी पढ़ें-मनोज तिवारी ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली में सांसद खेल महोत्सव का किया आयोजन, 42 टीमों ने लिया हिस्सा

ट्रंप की मध्यस्थता नाकाम

जुलाई 2025 में सीमा विवाद पांच दिन के युद्ध में बदल गया था. इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने सीजफायर करवाया था. ट्रंप ने अक्टूबर में कुआलालंपुर में हुए आसियान शिखर सम्मेलन में दोनों देशों के बीच समझौते पर हस्ताक्षर कराए थे. लेकिन यह युद्धविराम दो महीने भी नहीं टिक पाया और अब फिर से सीमा पर लड़ाई छिड़ गई है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read