अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने एक बड़ा फैसला लिया है. उन्होंने जापान, साउथ कोरिया, मलेशिया, बांग्लादेश समेत 14 देशों से आयात होने वाले उत्पादों पर भारी टैरिफ (Tariff) लगाने की घोषणा की है. राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि यह कदम अमेरिका और इन देशों के बीच व्यापार घाटे को कम करने के लिए उठाया गया है. आगे उन्होंने ये भी कहा कि ये टैरिफ दरें व्यापार असंतुलन को सुधारने की दिशा में पहला कदम हैं.
जापान-साउथ कोरिया पर टैरिफ
ट्रंप ने सबसे पहले साउथ कोरिया और जापान पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की. इसके बाद म्यांमार, लाओस, दक्षिण अफ्रीका, कजाकिस्तान और मलेशिया पर भी टैरिफ लगाया गया है. फिर ट्यूनीशिया, इंडोनेशिया, बोस्निया, बांग्लादेश, सर्बिया, कंबोडिया और थाईलैंड को भी इस सूची में शामिल किया गया है.
कुछ प्रमुख टैरिफ दरें
ट्रंप ने जापान और साउथ कोरिया पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की है. इसके अलावा म्यांमार और लाओस पर 40 प्रतिशत, बांग्लादेश और सर्बिया पर 35 प्रतिशत, कंबोडिया और थाईलैंड पर 36 प्रतिशत, इंडोनेशिया पर 32 प्रतिशत और दक्षिण अफ्रीका पर 30 पर टैरिफ लगाने की घोषणा राष्ट्रपति ट्रंप ने की है.
जापान और कोरिया के राष्ट्राध्यक्षों को पत्र भेजकर जानकारी
बता दें ट्रंप (Trump) ने स्पष्ट किया है कि यदि ये देश अमेरिका में अपने उत्पादों का निर्माण करते हैं तो उन्हें टैरिफ से छूट दी जाएगी. उन्होंने जापान और कोरिया के राष्ट्राध्यक्षों को पत्र भेजकर इस निर्णय की जानकारी दी है.
अमेरिका शेयर बाजारों में गिरावट
इस घोषणा के बाद अमेरिकी शेयर बाजारों (US stock markets) में गिरावट देखी गई है. डॉव जोन्स, एसएंडपी 500 और नैस्डैक में 0.8% से 1% तक की गिरावट दर्ज की गई है. यह फैसला अमेरिकी उद्योगों को बढ़ावा देने और नौकरियों की सुरक्षा के उद्देश्य से लिया गया है लेकिन इससे वैश्विक व्यापार संबंधों में तनाव बढ़ सकता है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




