Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

रोमानिया से भारत लाया जा रहा यूक्रेनी नागरिक, 11% साप्ताहिक रिटर्न का लालच देकर की थी करोड़ों की ठगी

Oleksandr Zapichenko Extradition: CBI ने ED, विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के सहयोग से मनी लॉन्ड्रिंग मामले में वांटेड यूक्रेनी नागरिक ओलेक्जेंडर जापिचेंको का रोमानिया से प्रत्यर्पण कराया. आरोपी पर 6 से 11 फीसदी साप्ताहिक रिटर्न का लालच देकर निवेश जुटाने, हवाला के जरिए रकम ट्रांसफर करने और निवेशकों के पैसे को USDT क्रिप्टोकरेंसी में बदलने का आरोप है.

Oleksandr Zapichenko Extradition

Oleksandr Zapichenko Extradition

Oleksandr Zapichenko Extradition: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी कामयाबी मिली है. सीबीआई ने विदेश मंत्रालय (MEA), गृह मंत्रालय (MHA) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) के साथ मिलकर मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में वांटेड यूक्रेनी नागरिक ओलेक्जेंडर जापिचेंको (Oleksandr Zapichenko) का रोमानिया से भारत प्रत्यर्पण कराया है. 17 नवंबर 2026 को उसे भारत लाया जा रहा है. आरोपी के खिलाफ इंटरपोल का रेड नोटिस जारी था और प्रवर्तन निदेशालय को लंबे समय से उसकी तलाश थी. जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी निवेशकों से जुटाई गई नकदी को क्रिप्टोकरेंसी में बदलने और बड़े पैमाने पर अवैध लेनदेन में शामिल था.

6 से 11 फीसदी साप्ताहिक रिटर्न का दिया लालच

ईडी के अनुसार, यह मामला निवेश धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है. आरोप है कि ओलेक्जेंडर जापिचेंको और उसके अन्य सहयोगियों ने निवेशकों को हर सप्ताह 6 से 11 प्रतिशत तक भारी रिटर्न देने का लालच दिया. इस झांसे में आकर बड़ी संख्या में लोगों ने कंपनी में पैसा लगाया. जांच में सामने आया कि संबंधित कंपनी मल्टी लेवल मार्केटिंग (MLM) आधारित पोंजी स्कीम चला रही थी. कंपनी ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से जरूरी मंजूरी लिए बिना निवेशकों से भारी मात्रा में नकदी जमा की. इस तरह निवेश के नाम पर बड़े पैमाने पर लोगों से पैसे जुटाए गए.

हवाला के जरिए विदेश भेजा गया पैसा, क्रिप्टो में बदला

जांच एजेंसियों के मुताबिक, निवेशकों से जुटाई गई रकम को विभिन्न हवाला चैनलों के जरिए इधर-उधर किया गया. इसके बाद इस पैसे का इस्तेमाल अमेरिकी डॉलर से जुड़ी क्रिप्टोकरेंसी USDT खरीदने में किया गया. ईडी की जांच में जापिचेंको की भूमिका भी सामने आई. आरोप है कि वह निवेशकों से जमा कराई गई नकदी को क्रिप्टोकरेंसी में बदलने का काम करता था. इसके अलावा बड़े पैमाने पर नकद लेनदेन की व्यवस्था कराने में भी उसकी अहम भूमिका थी. एजेंसी के मुताबिक, वह कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क का महत्वपूर्ण हिस्सा था.

सीबीआई ने इंटरपोल रेड नोटिस के आधार पर कराया प्रत्यर्पण

इस मामले में सीबीआई ने नोडल एजेंसी के तौर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वय किया. विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और ईडी के सहयोग से रोमानिया में प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई. इसके बाद आरोपी को भारत लाने का रास्ता साफ हुआ. सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद अब ईडी आरोपी से पूछताछ कर मामले में पैसों के लेनदेन, क्रिप्टोकरेंसी नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका से जुड़े अहम सुराग जुटा सकती है. जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि जापिचेंको से पूछताछ के जरिए इस कथित निवेश धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क की अन्य कड़ियों का भी खुलासा हो सकता है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026