अजित डोभाल और जेक सुलविन.
अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) जैक सुलिवन 5 और 6 जनवरी को भारत के दौरे पर आ रहे हैं. इस यात्रा के दौरान वह भारतीय राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे. यह बैठक भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक और तकनीकी साझेदारी को और मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
एस. जयशंकर से भी मुलाकात
इस दौरान जैक सुलिवन भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अन्य भारतीय नेताओं से भी मुलाकात करेंगे. इसके अतिरिक्त वह भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली का दौरा करेंगे, जहां वह भारतीय युवा उद्यमियों से मुलाकात करेंगे और एक संबोधन देंगे. इस दौरान वह यूएस-इंडिया इनिशिएटिव ऑन क्रिटिकल एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजी (iCET) के तहत अमेरिका और भारत द्वारा नवाचार सहयोग को मजबूत करने के लिए किए गए महत्वपूर्ण कदमों पर चर्चा करेंगे.
इसके तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सेमीकंडक्टर्स, और रक्षा क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए दोनों देशों ने मिलकर काम करने की योजना बनाई है. यह पहल अब दोनों देशों के रिश्तों का अहम हिस्सा बन चुकी है और उम्मीद जताई जा रही है कि इस यात्रा के दौरान इससे जुड़ी अहम घोषणाएं हो सकती हैं.
क्षेत्रीय मुद्दों पर सहयोग बढ़ाना
राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के रणनीतिक संचार समन्वयक जॉन किर्बी ने इस यात्रा की जानकारी दी और कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच तकनीकी और सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने का एक अहम अवसर होगी.
अमेरिका और भारत के बीच वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने का भी इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य रहेगा. विशेषज्ञों का मानना है कि यह यात्रा भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को एक नई दिशा दे सकती है और दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत कर सकती है. यह यात्रा विशेष रूप तौर वैश्विक और क्षेत्रीय सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, और रणनीतिक मामलों में सहयोग को बढ़ावा देने के दृष्टिकोण से दोनों देशों के लिए एक मील का पत्थर साबित हो सकती है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



