El Mencho Killed Mexico: दुनिया के सबसे बड़े और खूंखार ड्रग माफियाओं में से एक नेमेसियो रूबेन ओसेगुएरा सर्वेंट्स (Nemesio Ruben Oseguera Cervantes) उर्फ ‘एल मेंचो’ (El Mencho) को मेक्सिको की सेना ने एक खुफिया सैन्य अभियान में मार गिराया है. रविवार (22 फरवरी) को जलिस्को राज्य के टापालपा शहर में हुए इस एनकाउंटर के बाद पूरे मेक्सिको में हिंसा भड़क उठी है.
एल मेंचो के आपराधिक संगठन जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल (CJNG) के गुंडों ने अपने सरगना की मौत का बदला लेने के लिए कई राज्यों में सड़कों पर आगजनी, गोलीबारी और ब्लॉकेड शुरू कर दिए हैं. हालात इतने तनावपूर्ण हैं कि भारत, अमेरिका और कनाडा ने अपने नागरिकों के लिए सख्त सुरक्षा एडवाइजरी (Security Advisory) जारी की है.
कैसे मारा गया 125 करोड़ का इनामी ‘एल मेंचो’? (Who Is El Mencho From Mexico)
59 वर्षीय एल मेंचो, जो कभी पुलिस अधिकारी हुआ करता था, पिछले एक दशक से मेक्सिको का सबसे क्रूर और शक्तिशाली ड्रग लॉर्ड बन चुका था. मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय (SEDENA) के अनुसार, अमेरिका की खुफिया जानकारी (US Intelligence) के आधार पर सेना की स्पेशल फोर्स ने CJNG के गढ़ टापालपा में छापेमारी की.
भीषण मुठभेड़ में एल मेंचो गंभीर रूप से घायल हो गया था. उसे इलाज के लिए एयर लिफ्ट कर मेक्सिको सिटी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. इस ऑपरेशन में एल मेंचो समेत CJNG के 7 सदस्य मारे गए और 2 को गिरफ्तार किया गया. सेना ने मौके से बख्तरबंद वाहन और हवाई जहाज गिराने वाले रॉकेट लॉन्चर बरामद किए हैं.
ड्रग लॉर्ड की मौत से जल उठा मेक्सिको (Violence In Mexico After El Mencho Killed)
एल मेंचो की मौत की खबर फैलते ही CJNG के सदस्यों ने कोहराम मचा दिया. जलिस्को, मिचोआकान, कोलिमा, ग्वानाजुआतो समेत करीब 12 राज्यों में कार्टेल के गुंडों ने सड़कों पर ब्लॉकेड लगा दिए, बसें फूंकीं और सुरक्षा बलों पर हमले किए. प्यूर्टो वालार्टा और ग्वाडलहारा (Guadalajara) एयरपोर्ट्स पर फ्लाइट ऑपरेशंस ठप हो गए हैं. कई विदेशी एयरलाइंस ने अपना रास्ता बदल लिया है और जलिस्को में स्कूल बंद कर दिए गए हैं.
भारत, अमेरिका और कनाडा की एडवाइजरी (Mexico Shelter in Place Advisory)
मेक्सिको के गृह युद्ध जैसे हालातों को देखते हुए दुनिया भर के दूतावास अलर्ट पर हैं. मेक्सिको में भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी कर भारतीयों से अगली सूचना तक सुरक्षित जगह पर (Shelter in Place) रहने की अपील की है. भारतीयों को भीड़भाड़ वाले इलाकों से बचने, 911 डायल करने और परिवार के संपर्क में रहने को कहा गया है. अमेरिका और कनाडा ने भी अपने नागरिकों को घरों में ही रहने के निर्देश दिए हैं.
ये भी पढ़ें: या डील या तबाही! डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को खुली धमकी, जंग से पहले दिया वक्त; जानें कितना समय?
डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन का दबाव
अमेरिकी उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडो ने एल मेंचो की मौत को अमेरिका, मेक्सिको और पूरी दुनिया के लिए एक ‘बड़ी जीत’ बताया है. यह ऑपरेशन राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम सरकार की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिन पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की ओर से ड्रग कार्टेल्स (विशेषकर फेंटानिल और कोकीन तस्करों) का खात्मा करने का भारी दबाव था.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



