Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

जेडी वेंस से पीएम मोदी ने कहा था- पाकिस्तानी हमले का देंगे कड़ा जवाब; ट्रंप के साथ बातचीत में हुआ जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई है. लगभग 35 मिनट की बातचीत में अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का भी जिक्र हुआ.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई है. लगभग 35 मिनट की बातचीत में अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का भी जिक्र हुआ. पीएम मोदी ने ट्रंप को बताया कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के समय जेडी वेंस से कहा था कि पाकिस्तान जितना बड़ा हमला करेगा, भारत उससे भी बड़ा जवाब देगा.

भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बुधवार को पीएम मोदी और ट्रंप के बीच हुई इस बातचीत की जानकारी दी. विदेश सचिव विक्रम मिस्री के अनुसार, पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप जब बात कर रहे थे, उस समय प्रधानमंत्री ने बताया कि 9 मई की रात को जेडी वेंस ने फोन करके कहा था कि पाकिस्तान भारत पर बड़ा हमला कर सकता है.

पीएम मोदी ने उनको साफ शब्दों में बताया था कि यदि ऐसा होता है तो भारत पाकिस्तान को उससे भी बड़ा जवाब देगा.

पाकिस्तान को लेकर दी चेतावनी: मोदी का सख्त संदेश

पीएम मोदी ने पाकिस्तान के साथ सीजफायर पर सहमति के दौरान डोनाल्ड ट्रंप के मध्यस्थता करने के दावों को भी खारिज किया. विक्रम मिस्री ने बताया, “पीएम मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप को स्पष्ट रूप से कहा कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कभी भी, किसी भी स्तर पर भारत-अमेरिका ट्रेड डील या भारत और पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता जैसे विषयों पर बात नहीं हुई थी. सैन्य कार्रवाई रोकने की बात सीधे भारत और पाकिस्तान के बीच हुई. वो भी पाकिस्तान के आग्रह पर हुई थी.”

भारत ने न कभी मध्यस्थता स्वीकार की , न करता है

विदेश सचिव के मुताबिक, 35 मिनट की बातचीत में पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि भारत ने ना कभी मध्यस्थता स्वीकार की, न करता है और न ही कभी करेगा. राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी की ओर से विस्तार में बताई गई बातों को समझा और आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई के प्रति समर्थन व्यक्त किया.

विक्रम मिस्री ने बताया कि पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात कनाडा में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान होनी थी, लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप को जल्दी वापस अमेरिका लौटना पड़ा, जिसके कारण ये मुलाकात नहीं हो पाई.

इसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप के आग्रह पर दोनों नेताओं की फोन पर लगभग 35 मिनट तक बात हुई. ऑपरेशन सिंदूर के बाद प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के बीच ये पहली बातचीत हुई.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital