यमन के मोचा बंदरगाह पर हूतियों का कब्जा
Yemen Houthi Takeover: यमन में ईरान समर्थित हूती लड़ाकों ने लाल सागर के अहम बंदरगाह शहर मोचा पर नियंत्रण कर लिया है. यमन सरकार के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है. गुरुवार सुबह सरकारी बलों के पीछे हटने के बाद हूती लड़ाकों ने शहर में प्रवेश किया. सोशल मीडिया पर भी उनकी मौजूदगी की तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं.
मोचा पर कब्जा हूतियों के लिए बड़ी उपलब्धि
मोचा पर कब्जा हूतियों के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. इससे लाल सागर और बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट के आसपास उनका दबदबा और मजबूत हो सकता है. हालांकि, नेशनल रेजिस्टेंस फ्रंट ने दावा किया है कि उसके कमांडर ने सैन्य टुकड़ी के साथ शहर में प्रवेश किया है और एंटी-हूती गठबंधन के साथ मिलकर सुरक्षा को फिर से व्यवस्थित करने की कोशिश की जा रही है.
बाब-अल-मंदेब पर नजर
यमन सरकार के सैन्य सूत्रों का कहना है कि हूती अब बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट पर अपना असर बढ़ाने के करीब हैं. यह समुद्री रास्ता दुनिया के सबसे अहम मार्गों में गिना जाता है. मोचा और धुबाब जैसे तटीय शहरों पर उनकी पकड़ से इस स्ट्रेट पर नियंत्रण की संभावना और बढ़ जाती है.
समुद्री रास्ते का महत्व
बाब-अल-मंदेब लाल सागर का दक्षिणी दरवाजा है. यह यमन को अफ्रीकी देशों जिबूती और इरिट्रिया से अलग करता है. खाड़ी देशों से निकलने वाला कच्चा तेल और ईंधन इसी रास्ते से भूमध्य सागर तक पहुंचता है. एशिया जाने वाले कई सामानों की आवाजाही भी इसी मार्ग से होती है.
सऊदी अरब के साथ टकराव
हाल के दिनों में हूतियों और सऊदी समर्थित यमनी बलों के बीच संघर्ष तेज हुआ है. 2022 में संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता से हुआ सीजफायर अब कमजोर पड़ता दिख रहा है. हूतियों ने दावा किया है कि सऊदी अरब ने जौफ, मारिब, सादा और ताइज़ समेत कई इलाकों पर हमले किए हैं, हालांकि सऊदी ने इसकी पुष्टि नहीं की है.
ये भी पढ़ें-चीन के शिपयार्ड में भीषण अग्निकांड, विदेशी जहाज बना आग का गोला, 30 लोगों की मौत की आशंका
सऊदी में अलर्ट
गुरुवार को सऊदी अरब के खमिस मुशैत में 24 घंटे के भीतर चौथी बार इमरजेंसी अलर्ट जारी हुआ. सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने बताया कि हालिया हूती हमलों में दक्षिणी शहरों में कम से कम 73 लोग घायल हुए हैं. हूतियों ने खमिस मुशैत एयरबेस और तेल ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
