Bharat Express DD Free Dish

रेलवे कर्मचारियों के हड़ताल से मुश्किल में पड़ी यूनुस सरकार, सैकड़ों ट्रेनों का बाधित हुआ शेड्यूल

बांग्लादेश रेलवे कर्मचारियों की इस हड़ताल ने न केवल देश की परिवहन सेवाओं को प्रभावित किया है, बल्कि यात्रियों और रेलवे प्रबंधन के बीच असंतोष भी बढ़ा दिया है.

Bangladesh Railway Strike

बांग्लादेश रेलवे हड़ताल. (सोशल मीडिया)

बांग्लादेश में हाल ही के महीनों से जारी हिंसा के बीच अब रेलवे कर्मचारियों की हड़ताल ने देश की समस्याओं को और बढ़ा दिया है. रेलवे कर्मचारी अतिरिक्त काम के लिए लाभ की मांग करते हुए राष्ट्रव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं. इससे देशभर में ट्रेन सेवाएं बाधित हो गईं हैं और लाखों लोग प्रभावित हो रहे हैं.

रेलवे कर्मचारियों का संगठन, “Bangladesh Railway Running Staff and Workers Association”, लंबे समय से ओवरटाइम सैलरी और पेंशन लाभ से जुड़ी मांगों को लेकर परेशान है. उन्होंने सोमवार तक सरकार को अपनी मांगें पूरी करने का समय दिया है.

ट्रेन सेवाएं ठप, सैकड़ों ट्रेनें प्रभावित

इस हड़ताल के चलते लगभग 400 यात्री ट्रेनों का संचालन रुक गया है. इसमें 100 से अधिक अंतर-शहर ट्रेनों के साथ-साथ बांग्लादेश रेलवे द्वारा संचालित तीन दर्जन से अधिक मालगाड़ियां शामिल हैं. रेलवे का कहना है कि वह रोजाना करीब 2.5 लाख यात्रियों को सेवाएं प्रदान करता है, जिनके लिए यह स्थिति बेहद असुविधाजनक हो गई है.

रेल मंत्रालय की प्रतिक्रिया

रेल मंत्रालय ने यात्रियों को राहत देने के लिए कुछ प्रमुख मार्गों पर बस सेवाओं की घोषणा की है. मंत्रालय के अनुसार, यात्री अपने पहले से बुक किए गए ट्रेन टिकट का उपयोग इन बस सेवाओं के लिए कर सकते हैं.

मंत्रालय ने कर्मचारियों से हड़ताल समाप्त करने की अपील करते हुए कहा, “रेलवे और रेल मंत्रालय कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं और इस मुद्दे पर वित्त मंत्रालय के साथ बातचीत जारी है.”

कर्मचारियों की प्रमुख मांगें

  • रेलवे कर्मचारियों ने कहा है कि वे लंबे समय से अतिरिक्त काम के लिए उचित लाभ पाने की कोशिश कर रहे हैं.
  • रेलवे नियमों के अनुसार, रनिंग स्टाफ को मुख्यालय लौटने पर 12 घंटे और अन्य स्थानों पर 8 घंटे का आराम दिया जाना चाहिए.
  • यदि किसी कारणवश आराम के समय में काम करना पड़ता है, तो कर्मचारियों को ओवरटाइम का भुगतान करना आवश्यक है.

बांग्लादेश में ड्राइवर, सहायक ड्राइवर, गार्ड और टिकट चेकर जैसे कर्मचारी नियमित रूप से अतिरिक्त घंटे काम करते हैं, क्योंकि जनशक्ति की कमी है. इसके बदले उन्हें अतिरिक्त वेतन और पेंशन लाभ दिया जाता रहा है, जो अब विवाद का विषय बन गया है.

आम जनता हो रही परेशान

रेलवे सेवाओं के ठप होने से आम लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है.

कुश्तिया जिले के एक गायक रेजा फकीर ने कहा, “हमने एक म्यूजिक कॉन्सर्ट के लिए ट्रेन टिकट खरीदा था, लेकिन ट्रेन सेवाएं बंद होने के कारण हमें बस का टिकट खरीदना पड़ा. इससे हमें दोगुना खर्च करना पड़ा.”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read