पुतिन से मिलने को तैयार जेलेंस्की
BRICS Summit 2026: दिल्ली में BRICS समिट चल रही है इसी बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने संकेत दिया है कि वह रूस से बातचीत करने को तैयार हैं. शनिवार को दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि अगर मौका मिला तो वह मियामी में होने वाले G20 सम्मेलन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे. गौरतलब है कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुतिन से मुलाकात में युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाने की बात कही थी.
वोलोदिमीर जेलेंस्की ने क्या कहा?
एक इंटरव्यू में जब जेलेंस्की से पूछा गया कि क्या वह दिसंबर में पुतिन से मिलेंगे, तो उन्होंने कहा कि हां, बिल्कुल. हमें मिलना होगा, बात करनी होगी और फैसले लेने होंगे. उनके इस बयान को रूस‑यूक्रेन युद्ध खत्म करने की दिशा में एक अहम संकेत माना जा रहा है.
वॉशिंगटन की नई पहल
वाशिंगटन ने हाल ही में युद्ध समाप्त करने की कोशिशों को फिर से शुरू किया है. अमेरिकी प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर पिछले हफ्ते मॉस्को और कीव गए थे. वहीं पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी फोन पर बातचीत की, जिसे क्रेमलिन ने ‘स्पष्ट और रचनात्मक’ बताया.
G20 समिट में मुलाकात की उम्मीद
जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिकी प्रतिनिधियों का दौरा एक सकारात्मक संकेत है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दोनों ही शहरों कीव और मॉस्को का दौरा करना जरूरी था. इस साल अमेरिका G20 की अध्यक्षता कर रहा है, जिसमें 19 देश, यूरोपीय संघ और अफ्रीकन यूनियन शामिल हैं. सितंबर की शुरुआत में रूसी वित्त मंत्री एंटोन सिलुआनोव को नॉर्थ कैरोलिना में हुई G20 बैठक में शामिल किया गया था, जिससे यूरोपीय देशों में चिंता बढ़ी.
ये भी पढ़ें-पुतिन का ‘चलता किला’ और ‘उड़ता क्रेमलिन’, जमीन से आसमान तक ऐसी है हाई-सिक्योरिटी सुरक्षा
एक रूसी राजनयिक ने शनिवार को कहा कि मॉस्को अगले हफ्ते ह्यूस्टन में होने वाली G20 एनर्जी मीटिंग में भी अपने अधिकारियों को भेजेगा. ऐसे में दिसंबर में मियामी में होने वाले G20 सम्मेलन में पुतिन और जेलेंस्की की मुलाकात की संभावना और मजबूत हो गई है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




