Bar Association Election: दिल्ली में शुक्रवार सुबह से विभिन्न बार एसोसिएशनों के चुनाव हो रहे हैं. द्वारका और रोहिणी कोर्ट में मतदान जोश के साथ जारी है, जबकि साकेत और कड़कड़डूमा कोर्ट में भारी हंगामे के कारण चुनाव रद्द कर दिए गए. साकेत कोर्ट में चुनाव के दौरान बवाल बढ़ने पर प्रशासन को मतदान रद्द करने का फैसला लेना पड़ा.
जानकारी के अनुसार, बैलेट पेपर से मतदान प्रक्रिया में देरी और अव्यवस्था के कारण नाराज अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. स्थिति तब और बिगड़ गई जब किसी ने बैलेट बॉक्स की पर्चियां फाड़ दीं, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया. इसके बाद चुनाव आयोग ने मतदान रद्द करने का फैसला लिया, जो बैलेट पहले ही डाले जा चुके थे, उन्हें सुरक्षित रखा गया है.
वकीलों के अनुसार, आमतौर पर सभी बार एसोसिएशन के चुनाव ईवीएम EVM) से कराए जाते हैं, लेकिन इस बार सिर्फ दो कोर्ट में बैलेट पेपर से मतदान हो रहा था. साकेत बार एसोसिएशन के चुनाव में कुल 13 पदों के लिए 87 उम्मीदवार मैदान में थे.
यहां देखें हंगामे का विडियो
बैलेट बॉक्स से मतदान के खिलाफ नाराज वकीलों ने कोर्ट परिसर में जमकर नारेबाजी की. आक्रोशित अधिवक्ताओं ने बैलेट बॉक्स को तोड़ दिया, जिससे मतदान प्रक्रिया बाधित हो गई और अंततः चुनाव रद्द करना पड़ा.
#SaketCourt में बार एसोसिएशन के चुनाव के दौरान वकीलों ने बैलेट बॉक्स से मतदान का किया विरोध और नारेबाजी कर बैलेट बाक्स तोड़े… #BarAssociationElection pic.twitter.com/hpX7lEN87f
— POOJA TRIPATHI (@shalki_pj) March 21, 2025
साकेत कोर्ट के बाद, पूर्वी दिल्ली स्थित कड़कड़डूमा कोर्ट में भी शाहदरा बार एसोसिएशन के चुनाव में भारी हंगामा हुआ, जिसके चलते मतदान रद्द कर दिया गया. यहां भी वकीलों ने चुनाव प्रक्रिया पर आपत्ति जताई और विरोध प्रदर्शन किया.
जहां साकेत और कड़कड़डूमा कोर्ट में चुनाव रद्द कर दिए गए, वहीं द्वारका और रोहिणी कोर्ट में मतदान पूरे उत्साह और शांति के साथ जारी है. अधिवक्ताओं में चुनाव को लेकर जबरदस्त जोश देखा जा रहा है, और बिना किसी बाधा के मतदान प्रक्रिया संपन्न हो रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


