Tamim Iqbal Heart Attack: बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल (Tamim Iqbal) को मैच के दौरान दिल का दौरा पड़ गया, जिसके चलते उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. तमीम ढाका प्रीमियर लीग (DPL) में मोहम्मदन स्पोर्टिंग क्लब की ओर से खेल रहे थे. 50 ओवर के इस मुकाबले के दौरान, जब तमीम फील्डिंग कर रहे थे, तभी उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द महसूस हुआ. उनकी तबीयत बिगड़ते देख टीम मैनेजमेंट ने बिना देरी किए उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की.
बांग्लादेश के अनुभवी बल्लेबाज तमीम इकबाल ढाका प्रीमियर डिवीजन क्रिकेट लीग में मोहम्मडेन स्पोर्टिंग क्लब और शिनेपुकुर क्रिकेट क्लब के बीच खेले जा रहे मुकाबले में शामिल थे, जब उन्होंने अचानक छाती में दर्द की शिकायत की. पहले उन्हें हेलिकॉप्टर से ढाका ले जाने की योजना थी, लेकिन ऐसा संभव नहीं हो सका. उनकी स्थिति बिगड़ने के कारण उन्हें नजदीकी अस्पताल फजिलातुन्नेसा में भर्ती कराया गया. फिलहाल तमीम के स्वास्थ्य को लेकर कोई आधिकारिक अपडेट नहीं आया है, लेकिन फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे.
यह काफी गंभीर हार्ट अटैक था
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के चीफ फिजिशियन डॉक्टर देबाशीष चौधरी ने तमीम इकबाल की स्थिति पर बयान देते हुए कहा, “सबसे पहले तमीम का स्थानीय अस्पताल में चेकअप कराया गया, जहां उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई. हम उन्हें ढाका ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन हेलीपैड के लिए निकलते ही उनकी तकलीफ बढ़ गई. इसी वजह से उन्हें तत्काल वहीं के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. यह काफी गंभीर हार्ट अटैक था, जो हमारे लिए बेहद मुश्किल समय है. फिलहाल, वह डॉक्टर्स की निगरानी में हैं और उनकी रिकवरी के लिए मेडिकल टीम पूरी कोशिश कर रही है.”
तमीम इकबाल ने क्रिकेट से लिया था संन्यास
बांग्लादेश के दिग्गज बल्लेबाज तमीम इकबाल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. 35 वर्षीय तमीम ने इस साल जनवरी में सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने रिटायरमेंट की घोषणा की थी. उन्होंने लिखा था कि, “मैं लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हूं, और अब यह दूरी हमेशा के लिए बनी रहेगी. मेरा अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त हो चुका है.” तमीम ने यह भी स्पष्ट किया कि वे चैम्पियंस ट्रॉफी जैसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट से पहले टीम का ध्यान भटकाना नहीं चाहते थे, इसलिए उन्होंने संन्यास लेने का निर्णय लिया.
बांग्लादेश क्रिकेट का सितारा
तमीम इकबाल ने 2007 में जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे में अपना वनडे डेब्यू किया था. अपने शानदार करियर में उन्होंने 243 वनडे, 70 टेस्ट और 78 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले. तमीम के नाम 15,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय रन और 25 शतक दर्ज हैं, जो किसी भी बांग्लादेशी बल्लेबाज द्वारा सर्वाधिक हैं.
2023 वनडे वर्ल्ड कप से पहले भी तमीम ने संन्यास की घोषणा की थी, लेकिन एक दिन बाद अपना फैसला वापस ले लिया था. हालांकि, पीठ की चोट के कारण वे भारत में हुए विश्व कप में नहीं खेल सके. उन्होंने बांग्लादेश के लिए आखिरी मैच सितंबर 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में खेला था, जहां टीम को 2-0 से हार का सामना करना पड़ा था.
ये भी पढ़ें: IPL 2025: आईपीएल कमेंट्री पैनल से इरफान पठान को किया गया बाहर, सामने आई चौंकाने वाली वजह
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


