Bharat Express DD Free Dish

56 लाख से ज्यादा जन शिकायतों का निपटारा, सरकार ने तेज किया समाधान सिस्टम

केंद्र सरकार ने नवंबर 2022 से फरवरी 2025 तक 56 लाख से अधिक जन शिकायतों का निपटारा किया. CPGRAMS के माध्यम से समाधान प्रक्रिया को तेज़ और पारदर्शी बनाया गया है.

India's space sector to reach $44 billion: Union Minister Dr Jitendra Singh
Prashant Rai Edited by Prashant Rai

केंद्र सरकार ने नवंबर 2022 से फरवरी 2025 तक 56.63 लाख से ज्यादा जन शिकायतों का समाधान किया है. यह जानकारी केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने लोकसभा में दी. उन्होंने बताया कि यह निपटारा केंद्रीकृत जन शिकायत निवारण और निगरानी प्रणाली (CPGRAMS) के तहत किया गया.

डॉ. सिंह ने बताया कि 28 फरवरी 2025 तक 59,946 शिकायतें विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में लंबित हैं. उन्होंने कहा कि 1 नवंबर 2022 से 28 फरवरी 2025 के बीच 52.36 लाख शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 56.63 लाख का निपटारा किया गया. इनमें पहले से लंबित शिकायतें भी शामिल थीं.

डिजिटल प्लेटफॉर्म से बढ़ी सुविधा

CPGRAMS एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है, जहां लोग डिजिटल माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं. सरकार इस सिस्टम को और बेहतर बनाने के लिए NextGen CPGRAMS नाम की नई आईटी परियोजना पर काम कर रही है.

डॉ. सिंह ने बताया कि इस प्रणाली को कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) से जोड़ा गया है ताकि ग्रामीण इलाकों तक भी इसकी सुविधा पहुंचे. देशभर में 5.1 लाख CSC केंद्रों के माध्यम से लोग अपनी शिकायतें दर्ज कर सकते हैं. 20 मार्च 2025 तक 4.91 लाख शिकायतें इन केंद्रों से दर्ज की गईं.

शिकायतों का समाधान अब और तेजी से

सरकार की नई गाइडलाइंस के तहत जन शिकायतों के समाधान की अधिकतम समय सीमा 30 दिन से घटाकर 21 दिन कर दी गई है. वर्ष 2024 में शिकायतों के निपटारे का औसत समय 13 दिन था. इस साल, 28 फरवरी 2025 तक 3.27 लाख शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं.

सरकार ने जन शिकायत प्रबंधन को और स्मार्ट बनाने के लिए IIT कानपुर के साथ एक समझौता किया है. इसके तहत “इंटेलिजेंट ग्रिवांस मैनेजमेंट सिस्टम (IGMS)” विकसित किया गया है. यह AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और मशीन लर्निंग (ML) पर आधारित सिस्टम है, जो शिकायतों का विश्लेषण करने, समाधान के लिए सुझाव देने और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने में मदद करता है.


ये भी पढ़ें- Defence News: रक्षा क्षेत्र में मेक इन इंडिया नीति के तहत ₹1.27 लाख करोड़ का रिकॉर्ड उत्पादन और निर्यात में 30 गुना वृद्धि


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read