रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) को आखिरकार अपना नया डिप्टी गवर्नर मिल गया है. केंद्र सरकार ने डॉ. पूनम गुप्ता को इस पद की जिम्मेदारी सौंपी है. उनका कार्यकाल तीन साल का होगा और वह माइकल पात्रा की जगह लेंगी, जो इस साल जनवरी में रिटायर हुए थे.
यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब 7 से 9 अप्रैल तक RBI की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की बैठक होने वाली है. कैबिनेट की अपॉइंटमेंट कमेटी ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है. अब सोशल मीडिया और बिजनेस जगत में चर्चा हो रही है कि आखिर डॉ. पूनम गुप्ता कौन हैं और उन्हें ही यह अहम पद क्यों दिया गया?
कौन हैं डॉ. पूनम गुप्ता?
अर्थशास्त्र के क्षेत्र में डॉ. पूनम गुप्ता एक जाना-पहचाना नाम हैं. वह वर्तमान में नेशनल काउंसिल ऑफ एप्लाइड इकनॉमिक रिसर्च (NCAER) की डायरेक्टर जनरल हैं. यह भारत का सबसे बड़ा आर्थिक नीति थिंक टैंक है.
इसके अलावा, वह 16वें वित्त आयोग की सलाहकार परिषद की सदस्य भी हैं. इससे पहले वह प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) की सदस्य रह चुकी हैं. पूनम गुप्ता नीति आयोग की डेवलपमेंट एडवाइजरी कमेटी और FICCI की एग्जीक्यूटिव कमेटी का भी हिस्सा रह चुकी हैं.
अंतरराष्ट्रीय अनुभव
डॉ. पूनम गुप्ता का करियर काफी प्रभावशाली रहा है. उन्होंने लगभग 20 साल तक अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) और वर्ल्ड बैंक में सीनियर पदों पर काम किया है. वह इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन (IFC) में ग्लोबल मैक्रो और मार्केट रिसर्च की लीड इकोनॉमिस्ट भी रह चुकी हैं. इसके अलावा, उन्होंने इंडियन काउंसिल फॉर रिसर्च ऑन इंटरनेशनल इकनॉमिक रिलेशंस (ICRIER) और दिल्ली स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स में प्रोफेसर के तौर पर पढ़ाया भी है.
पढ़ाई में भी शानदार रिकॉर्ड
पढ़ाई के मामले में भी डॉ. पूनम गुप्ता का रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है. उन्होंने 1998 में यूनिवर्सिटी ऑफ मैरीलैंड, यूएसए से इकोनॉमिक्स में पीएचडी की. उनकी स्पेशलाइजेशन मैक्रोइकॉनॉमिक्स, इंटरनेशनल फाइनेंस और ट्रेड में थी. उनके शोध कार्य के लिए उन्हें 1998 में EXIM बैंक अवॉर्ड भी मिला था.
इससे पहले, उन्होंने 1995 में यूनिवर्सिटी ऑफ मैरीलैंड से इकोनॉमिक्स में एमए किया. भारत में उन्होंने 1991 में दिल्ली स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स से एमए और 1989 में हिंदू कॉलेज, दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीए (इकोनॉमिक्स) की डिग्री हासिल की थी.
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी थाईलैंड में BIMSTEC शिखर सम्मेलन में लेंगे भाग, द्विपक्षीय संबंधों पर करेंगे चर्चा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

