पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने ट्वीट कर बताया कि गुरदासपुर पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है. पुलिस ने दो व्यक्तियों — सुखप्रीत सिंह और करनबीर सिंह — को गिरफ्तार किया है, जो #ऑपरेशनसिंदूर से जुड़ी संवेदनशील सैन्य जानकारी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI को लीक कर रहे थे.
15 मई को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर यह खुलासा हुआ कि आरोपी पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना की गतिविधियों, सैन्य टुकड़ियों की आवाजाही और रणनीतिक स्थानों से जुड़ी गोपनीय जानकारी ISI तक पहुंचा रहे थे. त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया.

पुलिस द्वारा की गई फोरेंसिक जांच में यह पुष्टि हुई है कि उनके मोबाइल फोनों में गुप्त जानकारियों के आदान-प्रदान के सबूत मौजूद हैं. उनके पास से 3 मोबाइल फोन और .30 बोर के 8 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं.
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सीधे तौर पर ISI एजेंट्स के संपर्क में थे और भारतीय सशस्त्र बलों से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं साझा कर रहे थे. पुलिस ने इस मामले में डोरांगला थाने में ऑफिसियल सीक्रेट्स एक्ट के तहत FIR दर्ज कर ली है.
ये भी पढ़े: मणिपुर हत्या, आगजनी और लूट के मामले में एनआईए ने एक और उग्रवादी को किया गिरफ्तार
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




