बिहार के दिग्गज नेता लालू प्रसाद यादव के बेटे और पूर्व आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव अक्सर अपने विवादित बयानों और हरकतों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं. वे कई बार अपनी बचकानी हरकतों से न केवल अपने परिवार बल्कि पार्टी की छवि को भी नुकसान पहुंचा चुके हैं. अब एक बार फिर वह विवादों में घिर गए हैं. दरअसल, तेज प्रताप ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने स्वीकार किया कि वह पिछले 12 वर्षों से एक लड़की (अनुष्का यादव) के साथ रिश्ते में हैं. हालांकि बाद में इस पोस्ट को डिलीट कर दिया गया. इस पोस्ट में उन्होंने लिखा कि वे और अनुष्का पिछले 12 सालों से एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में हैं.
इस विवाद के बाद आरजेडी प्रमुख लालू यादव ने तेज प्रताप को “नैतिक मूल्यों की अनदेखी” के आरोप में पार्टी से 6 साल के लिए बाहर कर दिया. उन्होंने एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि तेज प्रताप का आचरण परिवार की परंपराओं और संस्कारों से मेल नहीं खाता. तेज प्रताप को सिर्फ पार्टी से ही नहीं, बल्कि परिवार से भी अलग कर दिया गया.
तेज प्रताप की पत्नी ऐश्वर्या ने उठाए सवाल
इस पर तेज प्रताप की पत्नी ऐश्वर्या राय ने भी चुप्पी तोड़ी और पूरे विवाद को एक “राजनीतिक ड्रामा” बताया. ऐश्वर्या ने सवाल उठाते हुए कहा, “अगर उन्हें सब कुछ पहले से पता था, तो मेरी शादी क्यों करवाई गई? मेरी जिंदगी क्यों तबाह कर दी गई?” उन्होंने दावा किया कि तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से बाहर निकालने की जो कार्रवाई की गई है, वह केवल चुनावी दिखावा है.
उन्होंने आगे कहा, “परिवार और पार्टी से अलग करने की बात केवल जनता को दिखाने के लिए है. असल में वे सब एक साथ हैं. अगर उन्हें सब कुछ पहले से मालूम था, तो मेरी जिंदगी क्यों खराब की गई?”
मीडिया से मिली तलाक की खबर
ऐश्वर्या ने आगे कहा कि उन्हें अपने तलाक की जानकारी भी मीडिया से ही मिली थी. “जो भी जानकारी थी, वो मीडिया के जरिए ही पता चली. मुझे कुछ नहीं बताया गया. जब मुझे मारा गया तब ये लोग कहां थे? तब इनका सामाजिक न्याय कहां था?” उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं पर आरोप मढ़ना सबसे आसान रास्ता होता है, लेकिन वह चुप नहीं बैठेंगी.
“अब सच सामने आ चुका है कि वो 12 साल से किसी और के साथ रिश्ते में थे. फिर भी मुझ पर ही आरोप लगे. क्या मुझे कभी इंसाफ मिलेगा? मैं अपनी लड़ाई जारी रखूंगी.”
Why was my life ruined? Why was I beaten? :Aishwarya Rai
— Bihar_se_hai (@Bihar_se_hai) May 26, 2025
शादी, विवाद और तलाक
बता दें कि तेज प्रताप यादव ने 2018 में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा राय की पोती ऐश्वर्या राय से शादी की थी. लेकिन कुछ ही महीनों में ऐश्वर्या ने ससुराल छोड़ दिया और पति व परिवार पर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए. इसके अलावा उन्होंने तेज प्रताप पर नशे की लत और अजीब व्यवहार का आरोप लगाया. उन्होंने यहां तक कहा कि तेज प्रताप महिला के कपड़े पहनते थे.
इसके बाद मामला अदालत तक पहुंच गया. ऐश्वर्या के पिता और पूर्व मंत्री चंद्रिका राय ने भी आरजेडी छोड़ दी और अपनी बेटी की लड़ाई को “राजनीतिक और कानूनी” स्तर पर लड़ने का ऐलान किया.
वहीं दूसरी ओर, तेज प्रताप यादव ने भी ऐश्वर्या पर भारी भरकम गुजारा भत्ता मांगने का आरोप लगाया, जिससे ये सवाल भी उठता है कि कहीं ये लालू परिवार की भारी भरकम गुजारा भत्ता से बचने की सोची-समझी चाल तो नहीं?
तेज प्रताप यादव से जुड़े बड़े विवाद
तेज प्रताप यादव का नाम अक्सर विवादों में रहा है. साल 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले आरजेडी में अपनी पसंद की भूमिका या महत्व न मिलने से नाराज होकर उन्होंने नई पार्टी बना ली थी. वे अब तक 5 संगठन बना चुके हैं, जिनमे यदुवंशी सेना, तेज सेना, लालू-राबड़ी मोर्चा, छात्र राजद भारत और धर्मनिरपेक्ष सेवा संघ शामिल हैं. हालांकि बाद में परिवार में सुलह हो गई और तेज प्रताप ने फिर से आरजेडी जॉइन कर लिया. उन्होंने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव की तारीफ करते हुए कहा कि वो मेरे कृष्ण हैं और मैं उनका अर्जुन.
तेज प्रताप पर कई और विवादों के आरोप भी लगे हैं. विरोधी उन्हें लालू यादव के ‘जंगल राज’ का प्रतीक बताते हैं. कहा जाता है कि उन्होंने कई बार पुलिसकर्मियों और अपने ही पार्टी कार्यकर्ताओं से खराब व्यवहार किया है. होली 2025 के मौके पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें तेज प्रताप एक पुलिस कांस्टेबल से स्टेज पर गाना बजाकर नाचने को कहते हैं. उन्होंने कहा, “ए सिपाही दीपक, एक गाना बजाएंगे, उस पर तुम्हें ठुमका लगाना है. बुरा मत मानो, होली है. अगर नहीं नाचे तो सस्पेंड कर दिए जाओगे.”
एक और विवाद तब हुआ जब वे स्कूटर पर सवार होकर मुख्यमंत्री आवास के पास पहुंचे और नारा लगाया – “हैप्पी होली पल्टू चाचा!” उनका यह तंज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए था, जिन्होंने आरजेडी के साथ गठबंधन किया और फिर तोड़ दिया.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


