जयपुर: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), जयपुर ज़ोनल ऑफिस ने 4 जुलाई 2025 को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के जयपुर और कोटा जिलों में स्थित कई ठिकानों पर छापेमारी की (ED Raid).
यह कार्रवाई डेबॉक इंडस्ट्रीज लिमिटेड (DIL) के शेयर मूल्य में हेरफेर के मामले में की गई, जो एक एनएसई में सूचीबद्ध कंपनी है. ईडी ने यह छापेमारी कंपनी के चेयरमैन मुकेश महावर उर्फ मुकेश मनवीर सिंह और उनके सहयोगियों के आवासीय और कार्यालय परिसरों पर की.
ईडी को छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री मिली है. इसमें संपत्तियों में निवेश से संबंधित दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड, डिजिटल डिवाइस, 78 लाख रुपये की बेहिसाब नकदी और चार लग्ज़री गाड़ियां जब्त की गई हैं.
बरामद गाड़ियों में रोल्स रॉयस फैंटम, बेंटले मुल्सैन, मर्सिडीज-बेंज जी-वैगन (ब्रेबस) और टोयोटा लैंड क्रूज़र शामिल हैं.
ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच तेज की
ईडी की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंपनी के स्टॉक मूल्य में कृत्रिम रूप से हेरफेर कर निवेशकों को गुमराह किया गया और अवैध रूप से भारी मुनाफा कमाया गया.
इस मुनाफे को विभिन्न माध्यमों से संपत्तियों में निवेश कर और महंगी गाड़ियां खरीदकर वैध दिखाने की कोशिश की गई. यह पूरा मामला मनी लॉन्ड्रिंग की श्रेणी में आता है.
ईडी अब मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर रही है और धन शोधन की पूरी श्रृंखला की जांच की जा रही है.
अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस घोटाले से जुड़े और भी खुलासे हो सकते हैं और कुछ और संपत्तियां भी कुर्क की जा सकती हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


