Tomorrowland Main Stage Fire: बेल्जियम के बूम शहर में दुनिया के सबसे बड़े इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक फेस्टिवल ‘टुमॉरोलैंड’ के मेन स्टेज (Tomorrowland Stage Fire) पर बुधवार शाम (16 जुलाई 2025) को अचानक भीषण आग लग गई. यह हादसा उस वक्त हुआ जब फेस्टिवल शुरू होने में सिर्फ दो दिन बाकी थे. फिलहाल आग लगने की वजह सामने नहीं आई है. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ.
तैयारियों में लगे थे एक हजार लोग
आग पर शाम 8 बजे से पहले ही काबू पा लिया गया. इमरजेंसी सेवाएं पहले से ही वहां मौजूद थीं और उन्होंने तुरंत कार्रवाई की. फेस्टिवल की तैयारियां चल रही थीं और उस समय स्टेज पर लगभग एक हाजर क्रू मेंबर मौजूद थे, लेकिन कोई दर्शक वहां नहीं था. पास के इलाकों में रहने वाले लोगों को खिड़कियां और दरवाजे बंद रखने की सलाह दी गई थी.
फेस्टिवल रद्द होने की अफवाह
सोशल मीडिया पर फेस्टिवल रद्द होने की अफवाहें भी फैलीं, लेकिन आयोजकों ने इसे “फेक न्यूज़” बताया. उन्होंने साफ कहा कि ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है. टुमॉरोलैंड टीम ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “मेन स्टेज पर गंभीर हादसा और आग की वजह से हमारे प्यारे मंच को काफी नुकसान पहुंचा है. हम यह पुष्टि करते हैं कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है.”
ड्रीमविले और ग्लोबल जर्नी रहेंगे जारी
बयान में यह भी बताया गया कि ड्रीमविले (कैंपसाइट) 17 जुलाई, गुरुवार से तय समय पर खुलेगा. साथ ही ब्रुसेल्स और एंटवर्प में सभी ग्लोबल जर्नी गतिविधियां भी जारी रहेंगी फेस्टिवल शुक्रवार, शनिवार और रविवार को होना है. आयोजकों ने कहा, “हम कार्यक्रम को बचाने और आगे की योजना बनाने में जुटे हैं. जल्द ही ज्यादा जानकारी साझा की जाएगी.”
कब हुई थी टुमॉरोलैंड की शुरुआत?
टुमॉरोलैंड की शुरुआत साल 2005 में हुई थी. यह फेस्टिवल हर साल लाखों म्यूजिक लवर्स को आकर्षित करता है. पिछले साल करीब 4 लाख लोग इसमें शामिल हुए थे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


