Operation Pink Diamond: दुबई पुलिस ने ‘ऑपरेशन पिंक डायमंड’ चलाकर 2.5 करोड़ डॉलर (करीब 218 करोड़ रुपये) के बेहद दुर्लभ गुलाबी हीरे की चोरी को नाकाम कर दिया. पुलिस ने बताया कि इस हीरे की तस्करी की कोशिश करने वाले गिरोह को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, एशियाई मूल के तीन संदिग्ध करीब एक साल से इस हीरे पर नज़र गड़ाए हुए थे. उन्होंने खुद को अमीर खरीदारों का बिचौलिया बताकर हीरे के मालिक को फंसाने की योजना बनाई. इसके लिए लग्ज़री गाड़ियां किराए पर ली गईं, महंगे होटलों में मीटिंग हुई और यहां तक कि एक मशहूर डायमंड एक्सपर्ट से रत्न की पुष्टि भी करवाई गई.

कैसे चुराया हीरा
गिरोह ने व्यापारी को भरोसे में लेने के बाद उसे एक विला बुलाया. जैसे ही वह 21.25 कैरेट का गुलाबी हीरा लेकर पहुंचा, अपराधियों ने अचानक उस पर झपट्टा मारा और हीरा लेकर भाग निकले.
हाई-टेक निगरानी से पकड़े गए आरोपी
व्यापारी ने फौरन पुलिस को कॉल किया. दुबई पुलिस की सीआईडी ने आधुनिक तकनीकों की मदद से तीनों संदिग्धों की लोकेशन ट्रैक की और अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर उन्हें दबोच लिया. चोरी गया हीरा भी बरामद कर लिया गया, जिसे अपराधी एक छोटे फ्रिज में छिपाकर एशियाई देश भेजने की तैयारी कर रहे थे.
कितना दुर्लभ है यह हीरा
यह पिंक डायमंड ‘फैंसी इंटेंस’ श्रेणी का है. इसका वज़न 21.25 कैरेट है और इसे एक्सीलेंट रेटिंग मिली है. विशेषज्ञों का कहना है कि इतने शुद्ध गुलाबी हीरे मिलने की संभावना सिर्फ 0.01% होती है. यही वजह है कि अपराधियों ने लंबे समय तक इसकी चोरी की साजिश रची.
ये भी पढ़ें- चीनी विदेश मंत्री पहुंचे भारत,द्विपक्षीय संबंधों पर होगी चर्चा…प्रधानमंत्री मोदी से भी मिलेंगे
व्यापारी ने जताया आभार
दुबई में 2005 से कारोबार कर रहे जौहरी ने कहा कि पुलिस की तेज़ कार्रवाई ने उनका भरोसा और बढ़ा दिया. उन्होंने बताया,
“मैंने 999 पर कॉल किया और कुछ ही मिनटों में कई पेट्रोल मौके पर पहुंच गईं. अगले ही दिन पुलिस ने बताया कि आरोपी पकड़े जा चुके हैं और हीरा भी सुरक्षित है.”
कारोबारियों को चेतावनी
व्यापारी ने अन्य कारोबारियों से अपील की कि वे अमीरात सरकार द्वारा तय सुरक्षा गाइडलाइन का पालन करें. उन्होंने कहा कि दुबई हीरे के व्यापार का सुरक्षित वैश्विक केंद्र बन चुका है. ज़रूरी है कि हम उन मानकों को कायम रखें जो इसे संभव बनाते हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
