Mumbai Rain: मुंबई की बारिश एक बार फिर लोगों के लिए मुसीबत बन गई है. पिछले 24 घंटों में तेज बरसात और उससे बने हालातों ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. ट्रेनों से लेकर हवाई यात्राओं तक पर असर पड़ा है, वहीं कई जगह जलभराव और ट्रैफिक जाम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.
उड़ानों पर असर, इंडिगो की एडवाइजरी
बारिश के चलते हवाई सफर भी प्रभावित हुआ है. इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए खास एडवाइजरी जारी की है. कंपनी ने कहा है कि खराब मौसम की वजह से उड़ानों के टाइमिंग में बदलाव या देरी हो सकती है.
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से एयरपोर्ट के लिए थोड़ा वक्त निकालकर चलें, क्योंकि सड़कों पर पानी और ट्रैफिक के कारण सफर लंबा हो सकता है.
साथ ही रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी अपडेट रखने की अपील की गई है, ताकि किसी भी बदलाव की जानकारी तुरंत मिल सके.
महाराष्ट्र में अब तक 6 की मौत, कई लापता
महाराष्ट्र आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, पिछले एक दिन में बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति से 6 लोगों की मौत हो चुकी है. नांदेड जिले में हालात सबसे गंभीर हैं, जहां 5 लोग लापता बताए जा रहे हैं.
राज्य में राहत और बचाव के लिए 18 एनडीआरएफ और 6 एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं. सिर्फ नांदेड के मुखेड तालुका से ही 293 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है.
मुंबई मोनोरेल में हादसा, 582 यात्री फंसे
बारिश के बीच मंगलवार शाम मुंबई मोनोरेल में भी बड़ी दिक्कत आ गई. भक्ति पार्क और चेंबूर स्टेशनों के बीच अचानक तकनीकी खराबी के चलते ट्रेन रुक गई.
ट्रेन में क्षमता से ज्यादा भीड़ थी और बिजली आपूर्ति बाधित होने से सैकड़ों यात्री फंस गए. करीब साढ़े तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी 582 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
इस दौरान 23 लोगों को सांस लेने में तकलीफ हुई, जिनका मौके पर ही डॉक्टरों ने इलाज किया. दो यात्रियों को सायन अस्पताल भेजा गया, जबकि बाकी सभी की हालत अब सामान्य बताई जा रही है. रेस्क्यू के लिए फायर ब्रिगेड ने स्नॉर्कल वाहन और बेस्ट की बसों का इस्तेमाल किया.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





