Akhilesh Yadav Trump Tariff: आज 27 अगस्त 2025 से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय सामानों पर लगाया गया 25% एक्स्ट्रा टैरिफ लागू हो गया. अब कुल मिलाकर भारत पर अब 50% टैरिफ हो चुका है. अमेरिका के टैरिफ की वजह से भारत के कई सेक्टर भारी दबाव में हैं. अब इसको लेकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने सरकार पर बड़ा निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि टैरिफ की वजह से उत्तर प्रदेश का निर्यात बहुत बुरी तरह प्रभावित हुआ है.
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर इसे भारत सरकार की नाकामी बताया है. उन्होंने कहा कि ट्रंप का प्रतिशोधात्मक टैरिफ भाजपा सरकार की नाकामयाब नीतियों का परिणाम है. जिसका खामियाजा निर्यातक और उनपर निर्भर बाकी व्यवसाय जैसे ट्रांसपोर्ट उद्योग, पैकिंग और कामगार-शिल्पकार और उनके परिवार भुगत रहे हैं.
प्रिय निर्यातकों
हम सब जानते हैं कि टैरिफ़ की वजह से उप्र का निर्यात बहुत बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
– प्रतिशोधात्मक टैरिफ़ भाजपा सरकार की नाक़ामयाब नीतियों का परिणाम है, उसका ख़ामियाज़ा निर्यातक व उन पर निर्भर बाक़ी व्यवसाय यथा पैकिंग व ट्रांसपोर्ट उद्योग तथा… pic.twitter.com/xaI0EPNRha
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) August 26, 2025
अखिलेश ने सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि, भाजपा सरकार की खराब नीतियों की वजह से उत्तर प्रदेश के कई निर्यात बीच समंदर में फंसे हुए हैं. बनारसी साड़ी से लेकर, कार्पेट, पीतल उद्योग, ताला व हार्डवेयर उद्योग, चमड़ा उद्योग, इत्र उद्योग, स्पोर्ट्स उद्योग सहित हैंडलूम व हस्तशिल्प के अरबों-खबरों रुपये के प्रोडक्ट्स बीच समंदर में फंसे हुए हैं.
तबाही की कगार पर खड़े हैं UP के निर्यातक
उन्होंने आगे कहा कि, उत्तर प्रदेश के निर्यातक तबाही की कगार पर खड़े हैं. एक्सपोर्ट्स का पेमेंट साइकल बिगड़ चुका है. यहीं नहीं निर्यातकों के सप्लायर्स और वेंडर्स भी इस टैरिफ की वजह से भारी परेशानी से जूझ रहे हैं. लेकिन सरकार गाल बजाने में व्यस्त है.
ODOP को दें विशेष राहत
अखिलेश यादव ने सरकार से ODOP (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) के तहत आने वाले सभी उत्पादों को विशेष राहत देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि यही वो समय है जब सरकार को आगे आकर अपने उत्पादों को सुरक्षा कवच प्रदान कर सकती है. ताकि वो विदेशी पाबंदियों से अपने आप को बचा सकें.
…नहीं तो करोड़ों लोग हो जाएंगे बेरोजगार
यदि सरकार ऐसा नहीं करती है तो आने वाले समय में लाखों निर्यातकों का कारोबार ठप हो जाएगा. जिसका परिणाम भयंकर होगा. करोड़ों लोग बेरोजगार हो जाएंगे और प्रदेश में भयंकर बेरोजगारी की समस्या उत्पन्न हो जाएगी.
ये भी पढ़ें- कपड़े, आभूषण…,आज सुबह साढ़े 9 बजते ही लागू हो जाएगा 50% टैरिफ, कौन-कौन से सेक्टर बुरी तरह से होंगे प्रभावित
मतभेद भूलकर साथ आने का है समय
अखिलेश यादव ने सरकार से मतभेद भूलकर एकजुट होने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह समय मतभेद भूलकर एक साथ आने का है. उन्होंने कहा कि, इस कठिन समय में प्रदेश के उत्पादों को अगर सरकार संरक्षण नहीं दे सकती है तो फिर सरकार के होने का क्या मतलब है.
उन्होंने इस संकट की घड़ी में सरकार के साथ खड़े होने की बात कही है. अखिलेश यादव ने अपने ट्वीट में कहा कि, वो इस समय सरकार के साथ खड़े हैं क्योंकि यह लाखों परिवारों की आजीविका और जीवनयापन का विषय है. उत्तर प्रदेश के कारोबार और निवेश के भविष्य का सवाल है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


