Bharat Express DD Free Dish

Weather Update: दिल्ली-NCR में बढ़ी उमस भरी गर्मी, बंगाल-ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट, पढ़ें पूरा वेदर अपडेट

दिल्ली, यूपी और बिहार में मॉनसून की बारिश थम गई है, लेकिन उत्तराखंड, हिमाचल और बंगाल-ओडिशा तटीय इलाकों में बारिश जारी. 25 सितंबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में नया कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है.

Weather Update, Monsoon 2025, Delhi Weather

Weather Update: देशभर में मॉनसून की बारिश अब धीरे-धीरे थम चुकी है. दिल्ली सहित कई मैदानी राज्यों में मौसम साफ और गर्म रहने लगा है, लेकिन पहाड़ी इलाकों में जैसे उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अब भी बारिश जारी है. मौसम विभाग के मुताबिक, गंगा के मैदानी हिस्सों के पास पश्चिम बंगाल, उत्तरी ओडिशा और खाड़ी तटीय क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है.

वहीं, 25 सितंबर के आसपास उत्तर-पश्चिमी और मध्य बंगाल की खाड़ी में एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके चलते दशहरा से पहले कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है.

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली और आसपास के इलाकों में फिलहाल अगले तीन दिनों तक बारिश का कोई आसार नहीं है. तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा, जिससे उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, दशहरा तक दिल्ली का मौसम साफ और गर्म रहेगा. लोग धूप और गर्मी से बचाव के लिए हवादार कपड़े पहनें और पर्याप्त पानी पीते रहें.

उत्तर प्रदेश में मौसम की स्थिति

उत्तर प्रदेश में भी बारिश पूरी तरह से थम गई है. अगले तीन दिनों तक प्रदेश का मौसम शुष्क और गर्म रहने की संभावना है. हालांकि, 25 सितंबर को पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी, जिससे दिन के समय उमस और गर्मी महसूस होगी. मौसम विभाग ने 26, 27 और 28 सितंबर को हल्की बारिश के संकेत भी दिए हैं.

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी से सीखना चाहिए विषम परिस्थितियों में कैसे करें राष्ट्र सेवा- मनोज मुंतशिर

बिहार और झारखंड का मौसम

बिहार में आज बारिश की संभावना लगभग न के बराबर है. पटना, नवादा, जहानाबाद, बेगूसराय, सिवान, सारण, भोजपुर, दरभंगा और समस्तीपुर में उमस और गर्मी लोगों के लिए परेशान कर सकती है. हालांकि, दशहरा के दौरान मौसम साफ रहने की उम्मीद है.

वहीं, झारखंड के दक्षिणी जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है. लोगों से कहा गया है कि वे बारिश और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतें.

बता दें कि मौसम विभाग ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में मौसम का बदलाव काफी तेजी से होगा. मैदानी इलाकों में गर्मी और उमस बनी रहेगी, जबकि बंगाल और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में कम दबाव और बादलों के सक्रिय होने से तेज बारिश की संभावना है.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read