Urdu Conclave 2026

स्वदेशी अभियान आत्मनिर्भर भारत का आधार, पंडित दीनदयाल को जनता तक पहुंचाने का प्रयास- डॉ दिनेश शर्मा

राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती समारोह में कहा कि दीनदयाल उपाध्याय के विचार पीएम मोदी की सरकार की कार्यप्रणाली का केंद्र हैं. उन्होंने बताया कि सरकार गरीब और कमजोर वर्ग के लिए मकान, राशन, गैस सिलेन्डर, आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है.

राज्यसभा सांसद एवं यूपी के पूर्व उपमुख्यमंत्री तथा स्थानीय आयोजित दीनदयाल क्षेत्र सेवा प्रतिष्ठान द्वारा पंडित दीन दयाल जयंती कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय का चिन्तन ही पीएम मोदी की सरकार की कार्यप्रणाली के केन्द्र में है. वर्तमान केन्द्र सरकार एक राष्ट्रवादी सरकार है जो 140 करोड़ लोगों की भावनाओं के अनुरूप कार्य कर रही है. दीनदयाल उपाध्याय के विचार आज के समय में भी प्रासंगिक है और मोदी सरकार उनके सिद्धान्तों को जमीन पर उतार रही है. वह आम आदमी के जीवन की मूलभूत जरूरतों को पूरा कर रही है.

डॉ शर्मा ने कहा कि आज का दिन विशेष महत्व रखता है क्योंकि प्रधानमंत्री ने दीनदयाल जी के संकल्प को आत्मसात करते हुए आज से 25 दिसम्बर तक स्वदेशी एवं आत्मनिर्भर भारत का अभियान चलाने की घोषणा की है. दीनदयाल का सामाजिक बराबरी का सिद्धान्त ही प्रधानमंत्री मोदी की सरकार का सिद्धान्त है. व्यक्ति के लिए मकान , गैस सिलेन्डर , राशन , शौचालय , सिचाई की सुविधा , फ्री उपचार के लिए आयुष्मान कार्ड जैसी मूलभूत आवश्यकताएं इस सिद्धान्त के अनुसार ही मोदी सरकार उपलब्ध करा रही है. दीनदयाल कहा करते थे कि जब दबे कुचले लोगों की दैनिक आवश्यकता पूरी हो जाएगी तब ये ऊपर उठ सकेंगे. मोदी सरकार द्वारा कमजोर वर्ग के लिए किए गए कार्यों का नतीजा है कि आज 26 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से ऊपर उठ चुके हैं. ये मजबूत राष्ट्र के संकल्प को पूरा करने का कार्य है.

भारत के संदेश को आम जनता तक पहुंचाने पर जोर

सांसद ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का संदेश दीनदयाल जी के एकात्म मानववाद पर आधारित है. दीनदयाल जी ने स्वदेशी के सिद्धान्त का प्रतिपादन किया था. इस सिद्धान्त को प्रधानमंत्री मोदी मूर्त रूप देने का कार्य कर रहे हैं. दीनदयाल उपाध्याय से आरंभ हुआ स्वदेशी के सिद्धान्त का प्रवाह अटल जी से होते हुए प्रधानमंत्री मोदी तक पहुंच गया है.

उन्होंने कहा कि नए भारत कर संकल्प है कि देश मजबूत बने और लोगों को रोजगार मिले. महात्मा गांधी भी कहा करते थे कि भारत को अधिक उत्पादन नहीं बल्कि अधिक लोगों द्वारा किया गया उत्पादन चाहिए. स्टार्टअप इंडिया मुद्रा लोन आदि योजनाएं युवाओं को मदद करके स्वावलंबी बना रही हैं. आज भारत पर अमेरिका ने टैरिफ लगाया है पर प्रधानमंत्री ने मर्यादा का ध्यान रखते हुए इस पर कोई टिप्पणी नहीं की बल्कि उन्होंने चुनौती को अवसर में बदलने का निर्णय किया तथा आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य तय कर दिया.

पूर्व में भी कोविड के समय में पीएम ने चुनौती को अवसर में बदला था और भारत ने पहली बार देश में वैक्सीन का निर्माण किया. एक समय ऐसा था जब भारत में अमेरिका से लाया गया सड़ा गेंहू गरीबों में बांटा जाता था पर आज देश में दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धान्त पर चलने वालीे सरकार है जो गरीबों को 10 किलो राशन फ्री दे रही है.

विचारों और आदर्शों को आम जनता तक पहुंचाने का प्रयास

दीनदयाल उपाध्याय के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा ने कहा कि सृजन ही उनके जीवन के केन्द्र में रहा था. उनके लिए राष्ट्र सर्वोपरि था. अपने इस सिद्धान्त पर अडिग रहने के चलते वह एक चुनाव भी हार गए थे. लखनऊ उनका कार्यक्षेत्र रहा था. दीनदयाल कार्यकर्ता का विशेष ध्यान रखते थे. डा मुखर्जी कहा करते थे कि अगर मुझे एक दीनदयाल और मिल जाएं तो देश की दशा दिशा बदली जा सकती है.

दीनदयाल उपाध्याय के आर्थिक दृष्टिकोण को विषमताओं को दूर करने वाला बताते हुए कहा कि उनके आर्थिक विचार के अनुरूप ही पीएम मोदी ने जीएसटी दरों में बदलाव किया है. दीनदयाल का मानना था कि गरीब की वस्तुओं पर कम कर और विलासिता की वस्तुओं पर अधिक कर होना चाहिए और नया जीएसटी उसके अनुरूप है. अब मध्यम और गरीब आदमी के उपभोग की वस्तुओं को सस्ता कर दिया गया है.

सहकारिता भवन, लखनऊ में दीनदयाल उपाध्याय सेवा प्रतिष्ठान द्वारा आयोजित एकात्मक मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती पर “वर्तमान परिदृश्य में दीनदयाल का चिंतन” विषयक संगोष्ठी में माo पूर्व राज्यपाल आदरणीय कलराज मिश्र जी मुख्य अतिथि तथा डॉक्टर दिनेश शर्मा मुख्य वक्त के रूप सम्मिलित होकर संबोधित किया.

इस अवसर पर माननीय सहकारिता मंत्री जेपीसी राठौर, पूर्व सदस्य विधान परिषद आदरणीय श्याम नंदन, सदस्य विधान परिषद संतोष सिंह, भाजपा मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री नानक, सुधाकर त्रिपाठी, रमेश तूफानी व प्रतिष्ठान के अध्यक्ष प्रवीण मिश्रा आदि उपस्थित रहे.

ये भी पढ़ें- लखनऊ में डॉ. दिनेश शर्मा की पदयात्रा, व्यापारियों ने GST सुधार पर जताई खुशी

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read