Mumbai Crime: मायानगरी मुंबई के पॉश इलाके जुहू से सड़क पर पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी और दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक लग्जरी BMW कार सवार महिला ने ट्रैफिक कंट्रोल कर रहे पुलिसकर्मी के साथ न सिर्फ बदतमीजी की, बल्कि उन पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश भी की. इतना ही नहीं, महिला ने ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी और मौके से तेजी से गाड़ी भगा ले गई. हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है.
मामूली टक्कर के बाद सड़क पर हुआ हंगामा
यह पूरी वारदात 30 अक्टूबर 2026 की रात लगभग 8:15 बजे की है. विलेपार्ले पश्चिम में एनएस रोड नंबर 10 पर स्थित प्रतीक्षा बंगले के पास संगीत महाभारती जंक्शन पर सांताक्रुज ट्रैफिक डिवीजन के कांस्टेबल प्रशांत गोकुल हाके यातायात सुचारु करा रहे थे. इसी दौरान एक बीएमडब्ल्यू कार और वैगनआर के बीच हल्की सी टक्कर हो गई. टक्कर के बाद दोनों गाड़ियों के चालक सड़क के बीचों-बीच खड़े हो गए, जिससे चौराहे पर भारी जाम लगने लगा.
पुलिसकर्मी को धमकी देकर मौके से हुई फरार
जाम खुलवाने के मकसद से जब कांस्टेबल प्रशांत हाके ने दोनों चालकों को अपनी गाड़ियां सड़क के किनारे लगाने का निर्देश दिया, तो बीएमडब्ल्यू चला रही महिला अपना आपा खो बैठी. वह कांस्टेबल से उलझ गई और उन्हें गंभीर अंजाम भुगतने तथा फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देने लगी.
हद तो तब हो गई जब महिला ने पुलिसकर्मी के निर्देशों को धत्ता बताते हुए गाड़ी को सीधे कांस्टेबल की तरफ बढ़ाकर चढ़ाने का प्रयास किया. पुलिसकर्मी ने किसी तरह अपनी जान बचाई और गाड़ी रोकने का इशारा किया, लेकिन महिला तेज रफ्तार में कार दौड़ाकर वहां से रफूचक्कर हो गई.
पुलिस ने दर्ज की FIR
डीसीपी मोहित गर्ग के अनुसार, पीड़ित कांस्टेबल प्रशांत हाके की शिकायत के आधार पर जुहू पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को अरेस्ट कर लिया है और घटना के हर पहलू की गहन जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: रामपुर जेल से रिहा होते ही ED ने आजम खान को किया गिरफ्तार, कल गाजियाबाद कोर्ट में होगी पेशी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


