Red Fort Blast Faridabad Connection: सोमवार को राजधानी दिल्ली बिल्कुल अलर्ट मोड पर है. एक तरफ फरीदाबाद में 360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और हथियारों का भंडार बरामद हो रहा है. दूसरी तरफ महज कुछ घंटों बाद दिल्ली के लाल किले के ठीक बगल में एक कार में जोरदार धमाका हुआ है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या यह महज संयोग है या NCR में सुलगती साजिश का पहला संकेत? सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं, जबकि दिल्ली पुलिस और बम निरोधक दस्ते लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 पर छानबीन में जुटे हैं.
घटना लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास शाम 6 के करीब हुई है. जब ब्लास्ट हुए वहां पर कई गाड़ियां खड़ी थीं. धमाके की ताकत इतनी थी कि आसपास की दुकानों के शीशे टूट गए और खड़ी गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा है. मौके पर 8 लोगों की मौत हो गई है. वहीं कई लोग घायल हुए हैं.
दिल्ली में हुए कार धमाके के बाद हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। प्रारंभिक रिपोर्टों में आठ लोगों की मौत की पुष्टि का दावा किया जा रहा है, जबकि घायलों की संख्या अधिक हो सकती है। #DelhiBlast #CarExplosion #BreakingNews #DelhiUpdate #EmergencyResponse #IndiaNews pic.twitter.com/jRL9aBrrzc
— Bharat Express (@BhaaratExpress) November 10, 2025
अधिकारी का बयान आया सामने
दिल्ली फायर सर्विसेज के एक अधिकारी ने बताया कि यह एक पार्क्ड कार में ब्लास्ट था जो लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुआ. हमने तुरंत रिस्पॉन्स दिया और आग बुझा दी. कोई मौत की खबर नहीं है, लेकिन घायलों को इलाज मुहैया कराया जा रहा है. पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और आसपास के दुकानदारों व गवाहों से पूछताछ शुरू कर दी है. अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका कि धमाका कार के सीएनजी सिलेंडर फटने से हुआ या किसी अन्य वजह से हुई है.
फरीदाबाद में मिले थे विस्फोटक
इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर ला दिया है, खासकर इसलिए क्योंकि आज ही दिल्ली से सटे फरीदाबाद में एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश हुआ. जम्मू-कश्मीर पुलिस और हरियाणा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में फरीदाबाद के धौज गांव में एक किराए के फ्लैट से करीब 360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट (विस्फोटक बनाने वाला केमिकल) बरामद किया गया. यह सामग्री सूटकेसों और प्लास्टिक कंटेनरों में छिपाकर रखी गई थी.
इसके अलावा, पुलिस को एक AK-47 राइफल, पिस्टल, 84 कारतूस, 20 टाइमर, रिमोट कंट्रोल, वॉकी-टॉकी सेट और अन्य बम बनाने की सामग्री भी मिली. दो कश्मीरी डॉक्टर डॉ. अदिल अहमद रदर और डॉ. मुजम्मिल शकील को गिरफ्तार किया गया, जो जयश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े होने के संदेह में वांछित थे. फरीदाबाद के पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा, “यह अमोनियम नाइट्रेट ही है, RDX नहीं. यह एक बड़ी साजिश का हिस्सा लग रही है, जो दिल्ली-एनसीआर को निशाना बना सकती थी.
ये भी पढ़ें: तेजप्रताप ने जारी किया JJD ओपिनियन पोल, ‘वोट चोरी’ पर राहुल गांधी को झाड़ दिया
आतंकी साजिश या इत्तेफाक?
दोनों घटनाएं अलग हैं लेकिन इनके आपस में जुड़े होने से इनकार नहीं किया जा सकता है. फिलहाल अधिकारियों ने दोनों घटनाओं को जोड़ने से इनकार किया है लेकिन समय की समानता ने सवाल खड़े कर दिए हैं. अमोनियम नाइट्रेट को विस्फोटकों में इस्तेमाल होने वाला खतरनाक केमिकल माना जाता है, जो सही परिस्थितियों में भयानक तबाही मचा सकता है. जांच एजेंसियां अब इसकी गहराई से पड़ताल कर रही हैं, ताकि कोई बड़ी साजिश न रह जाए.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


