हरियाणा में 1.17 करोड़ रुपये में बिककर सुर्खियों में आया VIP नंबर प्लेट HR88B8888 अब एक बार फिर नीलाम होने जा रहा है. ऑनलाइन नीलामी में सबसे ज्यादा पसंद किए गए इस नंबर ने अब एक बार फिर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.
भारत का सबसे महंगा नंबर प्लेट
दरअसल, इस VIP नंबर प्लेट को हरियाणा में स्थित हिसार के निवासी और रोमुलस सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर सुधीर कुमार ने खरीदा था. दो दिन की बोली के बाद उन्हें यह नंबर 1.17 करोड़ रुपये में मिला था, जिससे यह भारत का सबसे महंगा नंबर प्लेट बन गया था.
हालांकि, पिछले हफ्ते हरियाणा में 1.17 करोड़ रुपये में बिककर वायरल हुआ यह नंबर प्लेट अब दोबारा नीलाम किया जाएगा. क्योंकि सुधीर निर्धारित समय के अंदर पैसे जमा नहीं कर पाए.
क्या है पेमेंट में देरी की वजह?
रविवार को सुधीर कुमार ने बताया कि उन्होंने शनिवार रात दो बार रकम जमा करने की कोशिश की, लेकिन एक तकनीकी दिक्कत की वजह से पेमेंट नहीं हो पाया. उन्होंने यह भी कहा कि उनका परिवार इतनी बड़ी राशि सिर्फ एक नंबर प्लेट पर खर्च करने के खिलाफ है.
उन्होंने कहा, ‘परिवार के साथ अभी बात चल रही है. घर के बड़े लोग मान रहे हैं कि नंबर प्लेट पर इतना पैसा खर्च करना ठीक नहीं है, जबकि मेरी राय इसके पक्ष में है. सोमवार तक हम अंतिम फैसला ले लेंगे.’
कैसे होती है नीलामी?
हरियाणा में VIP या फैंसी नंबर प्लेट की ऑनलाइन नीलामी हर हफ्ते होती है. शुक्रवार शाम 5 बजे से सोमवार सुबह 9 बजे तक लोग अपने पसंदीदा नंबर के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसके बाद बोली लगती रहती है और नतीजे बुधवार शाम 5 बजे घोषित होते हैं. पूरी नीलामी fancy.parivahan.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन होती है.
वहीं, इस हफ्ते बोली में शामिल सभी नंबरों में ‘HR88B8888’ पर कुल 45 आवेदन आए. इसकी बेस प्राइस 50,000 रुपये रखी गई थी, जो बोली बढ़ते-बढ़ते 1.17 करोड़ रुपये पर जाकर रुक गई.
क्या है HR88B8888 का मतलब?
HR88B8888 एक खास और VIP वाहन नंबर है, जिसे प्रीमियम कीमत देकर बोली के जरिए खरीदा जाता है. इसमें HR हरियाणा का स्टेट कोड है और 88 हरियाणा के उस RTO (जिले) का कोड है जहां गाड़ी रजिस्टर होती है. ‘B’ RTO की सीरीज को दर्शाता है और 8888 वाहन को दिया गया यूनिक चार अंकों का नंबर है.
इस नंबर प्लेट की खासियत ये है कि इसमें सारे अंक नंबर 8 है, जो एक यूनीकनेस को दिखाता है.
ये भी पढें: स्मार्टफोन में Sanchar Saathi प्रीलोड करना जरूरी, 90 दिनों का मिला अल्टीमेटम
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

