Indian Economy Grouth: भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए नवंबर का महीना मिली-जुली खबरें लेकर आया है. देश के 8 प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर (Core Sector) ने नवंबर 2025 में 1.8% की ग्रोथ दर्ज की है. यह आंकड़ा इसलिए राहत देने वाला है क्योंकि अक्टूबर में यह ग्रोथ गिरकर सिर्फ 0.1% रह गई थी. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, सीमेंट, स्टील, खाद (Fertilisers) और कोयले के उत्पादन में बढ़ोतरी ने इस बार अर्थव्यवस्था को सहारा दिया है.
सीमेंट और स्टील ने संभाला मोर्चा नवंबर के आंकड़ों को देखें तो कंस्ट्रक्शन से जुड़े सेक्टर्स ने सबसे शानदार प्रदर्शन किया है. सबसे ज्यादा सीमेंट में 14.5% की जोरदार उछाल आई है. स्टील उत्पादन में 6.1% की बढ़ोतरी हुई है. किसानों के लिए अच्छी खबर है कि खाद का उत्पादन 5.6% बढ़ा है, वहीं कोयले में भी 2.1% की वृद्धि हुई है.
ये भी पढ़ें: ISRO की बड़ी तैयारी: मानव को अंतरिक्ष भेजने से पहले 7 मिशनों की चुनौती
बिजली और कच्चा तेल हुआ ‘फुस्स’
एक तरफ मकान और सड़क बनाने का सामान खूब बना, वहीं ऊर्जा (Energy) के मोर्चे पर मायूसी हाथ लगी है. कच्चा तेल (Crude Oil) में 3.2% की गिरावट आई है. नेचुरल गैस उत्पादन 2.5% घट गया है. बिजली उत्पादन में भी 2.2% की कमी दर्ज की गई है. रिफाइनरी प्रोडक्ट्स में भी मामूली गिरावट (0.9%) देखने को मिली है.
ये भी पढ़ें: नवंबर में सरपट दौड़ी अर्थव्यवस्था, RBI की रिपोर्ट ने बताया बाजार के जोश का कारण
अप्रैल से अब तक का हिसाब-किताब
अगर हम इस वित्त वर्ष (अप्रैल से नवंबर 2025) की कुल तस्वीर देखें, तो कोर सेक्टर की कुल ग्रोथ 2.4% रही है. इसमें स्टील (9.7%) और सीमेंट (8.2%) सबसे आगे दौड़ रहे हैं. बता दें कि ये 8 सेक्टर देश के औद्योगिक उत्पादन (IIP) का करीब 40% हिस्सा हैं, इसलिए इनकी चाल से ही देश की इंडस्ट्री की सेहत का पता चलता है. नए साल से पहले आई इस खबर ने उम्मीद जता दी है कि अगले साल यानी 2026 में भी इनमें बढ़ोतरी की उम्मीद है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



