Sansad Khel Mahotsav: राज्यसभा सांसद और यूपी के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि विपक्ष देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का काम कर रहा है. सत्ता पाने के लिए वह लोगों को जातिवाद और सम्प्रदायवाद में उलझा रहा है. इसके उलट बीजेपी युवाओं में जोश और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना जगाने के लिए खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है.
‘अटल जयंती तक खेल महोत्सव’
डॉ. शर्मा ने बताया कि 29 सितंबर से शुरू हुआ सांसद खेल महोत्सव 25 दिसंबर, अटल बिहारी वाजपेयी जयंती तक चलेगा. उन्होंने कहा कि पहले विपक्ष की नीतियों के कारण युवाओं को अपराध की ओर धकेला जाता था, उन्हें हथियार थमाए जाते थे लेकिन आज बीजेपी खेलों के जरिए युवाओं को खिलाड़ी बना रही है, उन्हें शारीरिक रूप से स्वस्थ कर रही है और रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रही है.
‘गांवों से निकल रही प्रतिभाएं’
सांसद ने कहा कि आज भारत के गांवों से खेल प्रतिभाएं निकलकर देश का नाम रोशन कर रही हैं. पहले गांवों में बच्चे गिल्ली-डंडा खेलते थे, लेकिन अब क्रिकेट, हॉकी और फुटबॉल जैसे बड़े खेल गांव-गांव में खेले जा रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से बच्चों का सपना पूरा हो रहा है और उनका खेल संदेश पूरी दुनिया तक पहुंच रहा है.
अटल जयंती पर समापन समारोह
डॉ. शर्मा ने बताया कि अटल जी की जयंती पर सांसद खेल महोत्सव का समापन सीएमएस मैदान, कानपुर रोड पर होगा. इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री वर्चुअल जुड़कर संबोधित करेंगे और खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे. उन्होंने कहा कि अटल जी का नाम आज भी युवाओं को प्रेरणा देता है और बीजेपी एक विराट वृक्ष का रूप ले चुकी है. मोदी-योगी के नेतृत्व में भारत और उत्तर प्रदेश मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं, जहां माफिया और भ्रष्टाचारियों के लिए कोई जगह नहीं है.
सरोजिनी नगर विधानसभा की उपलब्धि
सांसद ने कहा कि सबसे अधिक खेल प्रतियोगिताएं सरोजिनी नगर विधानसभा में हुईं, जहां विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने सबसे ज्यादा जीत दर्ज की. खेल मंत्री मनसुख मंडाविया के प्रयासों से खेल गांव-गांव तक पहुंचा है. उन्होंने राजेश्वर सिंह की जनता के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि इस विधानसभा का विकास रोडमैप बेहद प्रभावशाली है.
ये भी पढ़े-पोखरण से लाहौर तक…शब्दों से दिल जीतने वाले प्रधानमंत्री, अटल बिहारी वाजपेयी की अनोखी राजनीतिक यात्रा
खिलाड़ियों को मिला सम्मान
कार्यक्रम में डॉ. राजेश्वर सिंह ने प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि सरोजिनी नगर विधानसभा में खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए साइ सेंटर और अन्य स्थानों को और विकसित किया जाएगा. विजेता टीम को ₹50,000 और रनर-अप टीमों को ₹25,000 के साथ मेडल और शील्ड देकर सम्मानित किया गया. इस मौके पर वरिष्ठ नेता शंकरी सिंह, राजेश सिंह, राम शंकर त्रिपाठी, अजीत सिंह समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच और नागरिक मौजूद रहे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



