16 दिसंबर को बांग्लादेश लौट रही शेख हसीना (इमेज-IANS)
Sheikh Hasina Return: बांग्लादेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना वाकई अपने देश लौटने वाली हैं? इस अटकल पर खुद उनकी पार्टी ने मुहर लगा दी है.
मंगलवार को बांग्लादेश अवामी लीग ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर एक के बाद एक कई पोस्ट किए. शेख हसीना की तस्वीर साझा करते हुए पार्टी ने बांग्ला भाषा में लिखा,
16 दिसंबर की तारीख पक्की है, बांग्लादेश तैयार रहो, जय बांग्ला.
एक और पोस्ट में लोगों को सीधे संदेश दिया गया कि उनकी जननेता 16 दिसंबर को वापस आ रही हैं.
आखिर 16 दिसंबर की तारीख ही क्यों?
बांग्लादेश के इतिहास में इस दिन की बहुत खास जगह है. 16 दिसंबर 1971 को ही बांग्लादेश ने पाकिस्तान से जंग जीतकर आजादी हासिल की थी. उस दिन पाकिस्तानी फौज ने भारतीय सेना और बांग्लादेश के आजादी के लड़ाकों यानी ‘मुक्ति वाहिनी’ के सामने हथियार डाले थे. हसीना की पार्टी इसी ‘विजय दिवस’ के मौके को अपनी वापसी के लिए चुन रही है.

सरकारी विमान से लौटने की रखी मांग
पार्टी के इन पोस्ट्स से पहले ही न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने इस खबर का इशारा दे दिया था. हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली के हवाले से यह बात सामने आई थी कि वे 16 दिसंबर को घर लौटना चाहती हैं. इसके लिए उन्होंने बाकायदा तारिक रहमान की मौजूदा सरकार से दिल्ली से ढाका के लिए सरकारी एयरलाइन ‘बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस’ का विमान भेजने की मांग की है.
प्रवक्ता का कहना है कि 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना को बांग्लादेश के ही एक विमान से भारत लाया गया था. ऐसे में बिना किसी कानूनी नियम के उन्हें देश से बाहर भेजने के बाद अब यह सरकार की ही जिम्मेदारी बनती है कि वह विजय दिवस पर उनकी सुरक्षित वापसी का इंतजाम करे.
सरकार का रुख और पुराने मामले
हालांकि, मौजूदा सरकार इस मांग को मानने के मूड में बिल्कुल नहीं दिख रही. सरकार की तरफ से साफ कहा गया है कि हसीना को सामान्य तरीके से नहीं, बल्कि कानूनी प्रक्रिया के तहत प्रत्यर्पण (सौंपने की प्रक्रिया) के जरिए ही वापस लाया जा सकता है.
पिछले कुछ महीनों से 79 साल की हो चुकीं हसीना की वापसी को लेकर सिर्फ कयास ही लग रहे थे. लेकिन यह पहली बार है जब उनकी तरफ से कोई पक्की तारीख सामने आई है.
ये भी पढ़ें- भारत की भाषाई विविधता से प्रभावित हुए पुतिन, बोले- 150 करोड़ लोगों के बीच इतनी भाषाएं होना बेहद अद्भुत
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में हुए भारी विरोध प्रदर्शन के बाद उन्हें देश छोड़ना पड़ा था. जिसके कुछ ही महीनों बाद उनके सारे आधिकारिक दस्तावेज रद्द कर दिए गए थे. इतना ही नहीं पिछले साल वहां की एक अदालत ने छात्रों के आंदोलन को दबाने के आरोप में उन्हें दोषी मानते हुए उनकी गैर-मौजूदगी में ही मौत की सजा सुनाई थी. हालांकि हसीना ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह झूठा बताया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



