Raebareli News/Thakur Ravindra Singh Gaur: कहते हैं कि इश्क न तो मजहब देखता है और न ही सरहदें, प्यार को बस साथ चाहिए होता है. कुछ ऐसी ही एक खूबसूरत प्रेम कहानी रायबरेली के हरचंदपुर से सामने आई है, जिसने न सिर्फ लोगों का ध्यान खींचा है बल्कि सोशल मीडिया पर भी सुर्खियां बटोर रही है. यह कहानी है सन्नी कुशवाहा और रूबी की, जिन्होंने तमाम सामाजिक बेड़ियों को तोड़ते हुए एक-दूजे का हाथ थाम लिया है.
इंस्टाग्राम से शुरू हुआ ‘इश्क वाला लव’
इस प्रेम कहानी की शुरुआत किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी है. सन्नी, जो रायबरेली के हरचंदपुर (मवईया) का रहने वाला है, और रूबी जो भदोही जिले की निवासी है, इन दोनों की मुलाकात का जरिया बना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘इंस्टाग्राम’. आज के दौर में जहां लोग रील्स देखने में व्यस्त रहते हैं, वहीं सन्नी और रूबी की आपस में बातचीत शुरू हुई. पहले दोस्ती हुई, फिर घंटों बातें होने लगीं और धीरे-धीरे यह दोस्ती गहरे प्यार में बदल गई.
करीब एक साल पहले दोनों ने पहली बार आमने-सामने मिलने का फैसला किया. पहली ही मुलाकात में दोनों को एहसास हो गया कि वे एक-दूसरे के लिए ही बने हैं. धर्म की दीवारें सामने थीं, लेकिन सन्नी और रूबी ने तय कर लिया था कि ‘जीएंगे तो साथ, वरना नहीं’.
मंदिर में गूंजी शहनाइयां
अपने प्यार को मुकाम तक पहुंचाने के लिए सन्नी और रूबी ने भागने या छिपने के बजाय समाज के बीच रहने का फैसला किया. सन्नी ने हरचंदपुर के प्रसिद्ध अचलेश्वर मंदिर के पंडित जी से संपर्क किया और शादी की इच्छा जताई. आखिरकार, मंदिर के प्रांगण में हिंदू रीति-रिवाज के साथ दोनों का विवाह संपन्न हुआ. सन्नी ने रूबी की मांग में सिंदूर भरा और अग्नि के सात फेरे लेकर सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा किया.
ये भी पढ़ें- बलरामपुर अस्पताल का ‘काला सच’: पत्रकारों की एंट्री बैन तो डॉक्टर बने रिपोर्टर
समाज के दिग्गजों का मिला साथ
सबसे खास बात यह रही कि इस शादी में सिर्फ सन्नी और रूबी ही नहीं थे, बल्कि समाज के कई गणमान्य लोग भी आशीर्वाद देने पहुंचे. करणी सेना के जिला अध्यक्ष मोनू भदोरिया, फरीदपुर के प्रधान कमलेश यादव और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के जिला प्रचार प्रमुख धनंजय समेत राजनाथ, सतीश सिंह और अभिषेक बाजपेयी जैसे लोग इस विवाह के गवाह बने. ग्रामीणों की मौजूदगी ने इस जोड़े के हौसले को और बढ़ा दिया.
वायरल हो रही हैं तस्वीरें
शादी के बाद रूबी अब सन्नी के घर मवईया पहुंच चुकी है. दोनों के चेहरे की खुशी बता रही है कि उन्होंने अपने प्यार के लिए जो संघर्ष किया, वह सफल रहा. सोशल मीडिया पर अब इनकी शादी की तस्वीरें और वीडियो खूब शेयर किए जा रहे हैं. लोग इस जोड़े को ‘मजहब से ऊपर मोहब्बत’ की मिसाल बता रहे हैं. रायबरेली में इस अनोखी शादी की चर्चा हर जुबान पर है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


