Bharat Express DD Free Dish

किंगमेकर को खेला का डर! एकनाथ शिंदे का ‘BMC No Risk’ प्लान एक्टिव, मुंबई में लौटी रिसॉर्ट पॉलिटिक्स

BMC Horse Trading Politics: मुंबई बीएमसी चुनाव के बाद शिंदे गुट ने हॉर्स ट्रेडिंग के डर से अपने सभी पार्षदों को ताज लैंड्स एंड होटल में शिफ्ट किया. 29 सीटों के साथ शिंदे बने किंगमेकर. जानें पूरा सियासी ड्रामा क्या है?

Horse Trading For Mumbai Mayor After BMC Election Result Eknath Shinde Shifts Councillors to Taj Lands End

BMC Horse Trading Politics: बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव के नतीजे आते ही देश की आर्थिक राजधानी में सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है. नतीजों के बाद किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत न मिलने के कारण जोड़-तोड़ की राजनीति तेज हो गई है. इस बीच, ‘किंगमेकर’ की भूमिका में उभरे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गुट ने बड़ा कदम उठाया है. हॉर्स ट्रेडिंग (पार्षदों की खरीद-फरोख्त) के डर से शिंदे सेना ने अपने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को मुंबई के बांद्रा स्थित आलीशान ‘ताज लैंड्स एंड’ होटल में शिफ्ट कर दिया है.

होटल में ‘किलाबंदी’, 3 दिन का पहरा (Mumbai BMC Power Struggle)

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, शिंदे गुट की ओर से सभी पार्षदों को सख्त निर्देश दिए गए थे कि वे आज दोपहर 3 बजे तक हर हाल में ताज लैंड्स एंड होटल पहुंच जाएं. रणनीति के तहत, इन पार्षदों को अगले तीन दिनों तक यहीं रखा जाएगा. शिंदे गुट यह सुनिश्चित करना चाहता है कि मेयर चुनाव या गठबंधन की बातचीत पूरी होने तक उनका कोई भी पार्षद विपक्षी खेमे या किसी अन्य प्रलोभन के संपर्क में न आए. एकनाथ शिंदे खुद इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं और वे ‘No Risk’ के मूड में हैं.

29 सीटों के साथ शिंदे बने ‘किंगमेकर’ (Shinde Emerges as Kingmaker In BMC)

बीएमसी चुनाव में शिंदे गुट की शिवसेना ने 29 सीटों पर जीत दर्ज की है. मौजूदा समीकरणों में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद अपने दम पर बहुमत के आंकड़े से दूर है. ऐसे में शिंदे गुट का समर्थन बीएमसी में सत्ता बनाने के लिए अनिवार्य हो गया है. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि शिंदे गुट अपनी शर्तों पर समर्थन देगा, और इसी वजह से वे अपनी ‘संख्या शक्ति’ को एकजुट रखकर सौदेबाजी की ताकत बनाए रखना चाहते हैं.

ये भी पढ़ें: ‘SC-ST से रेप पर तीर्थ का फल’, कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया का घटिया ज्ञान, बोले- दिमाग भटकता है

कांग्रेस का तंज- ‘डर किससे है?’ (Congress Takes a Dig Over BMC Politics)

इस ‘रिसॉर्ट पॉलिटिक्स’ पर कांग्रेस ने एकनाथ शिंदे पर तीखा हमला बोला है. कांग्रेस सांसद नसीर हुसैन ने तंज कसते हुए कहा, “उन्हें डर किससे है? कौन उनके पार्षदों को तोड़ सकता है? और देश में पार्षद तोड़ने का सबसे ज्यादा अनुभव किस पार्टी को है, यह सब जानते हैं.” नसीर हुसैन ने इशारा किया कि बीजेपी अक्सर अपने सहयोगियों को ही नुकसान पहुंचाती है, इसलिए शिंदे को यह डर सताना स्वाभाविक है. फिलहाल, मुंबई की सत्ता का फैसला अब होटल के बंद कमरों में होने वाली बैठकों पर निर्भर करेगा.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read