Phool Singh Baraiya Controversial Statement: मध्यप्रदेश की सियासत में कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने एक ऐसा विवादित बयान दिया है, जिसने मानवता और संविधान दोनों को शर्मसार कर दिया है. दतिया की भांडेर सीट से विधायक बरैया ने एक निजी मीडिया चैनल को दिए इंटरव्यू में महिलाओं और बलात्कार जैसी जघन्य घटनाओं को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की है. इसके बाद से प्रदेश में उनका विरोध होने लगा है. इंदौर दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी से भी उन्हें पार्टी से हटाने की मांग होने लगी है.
अमर्यादित टिप्पणी वायरल (Phool Singh Baraiya On Rape Viral Video)
वीडियो में बरैया यह कहते हुए सुने जा रहे हैं कि एससी, एसटी और ओबीसी समाज में ‘सुंदर लड़कियां’ नहीं होतीं. उन्होंने कहा कि रेप इसलिए होते हैं क्योंकि धर्मग्रंथों (जैसे रुद्रयामल तंत्र) में लिखा है कि इन वर्गों की महिलाओं के साथ सहवास करने से तीर्थ का फल मिलता है. इसी मानसिकता के कारण लोग घर बैठे ‘पुण्य’ कमाने के लिए 4 महीने की मासूम बच्चियों तक को नहीं छोड़ते. विधायक फूल सिंह बरैया ने कहा कि-
‘खूबसूरत लड़की दिख जाए तो दिमाग विचलित हो सकता है और रेप करने का मन हो जाता है. इतना ही नहीं, उन्होंने धर्मग्रंथों का हवाला देते हुए दावा किया कि दलित और आदिवासी महिलाओं के साथ संबंध बनाने से ‘तीर्थ यात्रा’ जितना पुण्य मिलता है.’
मुख्यमंत्री ने मांगा इस्तीफा (Mohan Yadav On Phool Singh Baraiya)
इस बयान पर भाजपा ने तीखा हमला बोला है. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भावुक होते हुए कहा कि बेटियां देवियां हैं, उन्हें जातियों में बांटना पाप है. वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी से मांग की है कि अगर उनमें जरा भी नैतिकता बची है, तो वे तुरंत बरैया को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाएं. बीजेपी नेता अश्वनी पराजपे ने इसे कांग्रेस की बीमार और विकृत मानसिकता करार दिया है.
कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने कहा- खूबसूरत लड़की दिख जाए तो रेप करने का मन हो जाता है. SC/ST/OBC में सुंदर लड़कियां होती नहीं हैं. उनके साथ रेप धर्मग्रंथों में लिखा होने के कारण होता है. यदि कोई तीर्थ नहीं जा पाता इनके साथ सहवास करने से तीर्थ का फल लेता है.@INCIndia @INCMP pic.twitter.com/aQ5ZxrnSQT
— Shyamdatt Chaturvedi (@ShyamDatt_C) January 17, 2026
कांग्रेस बैकफुट पर निकली (Jitu Patwari On Phool Singh Baraiya)
राहुल गांधी के इंदौर दौरे से ठीक पहले आए इस बयान ने कांग्रेस को बैकफुट पर ला दिया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सफाई देते हुए कहा कि बलात्कार जैसे अपराध को किसी भी तर्क से सही नहीं ठहराया जा सकता और अपराधी की कोई जाति नहीं होती. हालांकि, पार्टी ने अभी तक बरैया पर कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
