Bharat Express DD Free Dish

IND vs NZ T20: ईशान किशन की विस्फोटक वापसी, T20 इंटरनेशनल में रचा नया इतिहास

दो साल बाद टीम इंडिया में लौटे ईशान किशन ने रायपुर टी20 में तूफानी बल्लेबाज़ी करते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए. पावरप्ले में अर्धशतक जड़ने वाले वह पहले भारतीय गैर-ओपनर बने और भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार जीत दिलाई.

Ishan Kishan comeback

करीब दो साल बाद भारतीय टीम में वापसी करने वाले ईशान किशन ने रायपुर के मैदान पर ऐसा तूफान मचाया कि न्यूजीलैंड के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए. नागपुर टी20 में भले ही उनका बल्ला शांत रहा हो, लेकिन दूसरे मुकाबले में ईशान ने साफ कर दिया कि वह क्यों टीम इंडिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में गिने जाते हैं.

कीवी गेंदबाजों पर बोला हमला

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए टी20 सीरीज के दूसरे मैच में रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम ईशान किशन के नाम रहा. तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे ईशान ने पावरप्ले में ही कीवी गेंदबाजों पर जमकर हमला बोल दिया. शुरुआत से ही उनका इरादा साफ था कि रुकना नहीं, सिर्फ बरसना हैं.

ईशान ने महज 32 गेंदों पर 76 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें 11 चौके और चार लंबे छक्के शामिल थे. यह उनके टी20 इंटरनेशनल करियर की सातवीं अर्धशतकीय पारी रही. खास बात यह रही कि उन्होंने सिर्फ 21 गेंदों में अपना पचासा पूरा कर लिया, जो किसी भी बल्लेबाज के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है.

पावरप्ले में रचा इतिहास

ईशान किशन ने पावरप्ले के दौरान 23 गेंदों में 58 रन ठोक दिए. यह न्यूजीलैंड के खिलाफ किसी भारतीय बल्लेबाज का दूसरा सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है. इस लिस्ट में पहले नंबर पर अभिषेक शर्मा हैं, जिन्होंने 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ 21 गेंदों में 58 रन बनाए थे.

इतना ही नहीं, ईशान किशन टी20 इंटरनेशनल में तीसरे या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले में अर्धशतक जड़ने वाले पहले भारतीय बन गए हैं. फुल मेंबर टीम्स की ओर से ऐसा करने वाले वह दुनिया के तीसरे गैर-ओपनर बल्लेबाज भी बने.

सूर्या का साथ

ईशान किशन को ईश सोढ़ी ने मैट हेनरी के हाथों कैच कराया, लेकिन तब तक वह अपना काम कर चुके थे. उनके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला और नाबाद 82 रन की शानदार पारी खेली. ईशान और सूर्या की इन धांसू पारियों की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से मात दी.

मैच के दौरान भारतीय टीम ने पावरप्ले में दो विकेट के नुकसान पर 75 रन बनाए, जो न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का दूसरा सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है. इससे बड़ा स्कोर सिर्फ 2007 टी20 वर्ल्ड कप में देखने को मिला था, जब भारत ने जोहानिसबर्ग में 76/1 रन बनाए थे.

मजबूत रहा टीम कॉम्बिनेशन

भारत की प्लेइंग इलेवन में संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह के साथ गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा शामिल थे. वहीं न्यूजीलैंड की टीम डेवोन कॉन्वे, टिम सेफर्ट, रचिन रवींद्र और मिचेल सेंटनर जैसे अनुभवी खिलाड़ियों से सजी थी, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों के सामने उनकी एक न चली.

ये भी पढ़ें: पाक ने डुबो दी बांग्लादेश की लुटिया! भारत के आगे जिद पर अड़ा BCB T-20 वर्ल्डकप से होगा बाहर? लेकिन PAK टीम खुद खेलेगी मैच

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read