Weather Update 7 February 2026: फरवरी का पहला हफ्ता बीत चुका है और मौसम लुका-छिपी का खेल खेल रहा है. एक तरफ दिन में खिलती धूप यह अहसास दिला रही है कि ठंड की विदाई हो रही है, तो दूसरी तरफ सुबह-शाम की गलन और पहाड़ों से आ रहे बर्फीले संकेत बता रहे हैं कि सर्दी अभी पूरी तरह गई नहीं है. भारतीय मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है. पहाड़ों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने वाला है, जो जम्मू-कश्मीर से लेकर उत्तराखंड तक मौसम का मिजाज बिगाड़ देगा.
9 से 11 फरवरी तक ‘व्हाइट वॉश’ (Weather Forecast)
पहाड़ी राज्यों के लिए अगले कुछ दिन भारी रहने वाले हैं. 9 फरवरी से एक ताकतवर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. इसके असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश की संभावना है. घाटी में पारा माइनस में बना रहेगा. गुलमर्ग में तापमान -6.7°C और पहलगाम में -7.5°C तक लुढ़क गया है. 10 फरवरी को 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बर्फीली हवाएं चल सकती हैं.
ये भी पढ़ें: शनिवार को सूर्य का कमाल: 4 राशियों की बल्ले-बल्ले, 2 में आ सकता है भूचाल; पढ़ें आज का राशिफल
धूप खिलेगी, पर हवा डराएगी (Delhi NCR Weather)
मैदानी इलाकों में मौसम मिला-जुला रहेगा. दिल्ली-NCR में मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह हल्का कोहरा और दिन में तेज हवाएं (15-25 किमी/घंटा) चल सकती हैं. अधिकतम तापमान 23-25 डिग्री और न्यूनतम 9-11 डिग्री रहने का अनुमान है. प्रदूषण (AQI) अब भी ‘खराब’ श्रेणी (250+) में है.
वहीं उत्तर प्रदेश और बिहार में दिन में धूप खिलेगी, लेकिन पछुआ हवाओं के कारण कनकनी बरकरार रहेगी. कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रह सकता है. जबकि, राजस्थान में दिन का तापमान 25 डिग्री के पार पहुंच गया है, जिससे सर्दी से थोड़ी राहत मिली है. हालांकि, शेखावटी क्षेत्र (फतेहपुर, सीकर) में रात का तापमान अब भी 3-4 डिग्री के आसपास है.
ये भी पढ़ें: शनिवार का पंचांग: यशोदा जयंती पर शनिदेव देंगे राहत, ‘शूल योग’ में बिगड़ न जाए काम; जानें शुभ मुहूर्त
साउथ इंडिया का मौसम (South India Weather)
तमिलनाडु और नीलगिरी के पहाड़ी इलाकों में सुबह कोहरा और हल्की बारिश के आसार हैं. चेन्नई में मौसम सुहावना बना रहेगा. मछुआरों को मौसम विभाग ने सावधानी बरते के लिए कहा है. वहीं मौसम विभाग ने पर्यटकों को सलाह दी है कि वे 9 से 11 फरवरी के बीच पहाड़ों की यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें, क्योंकि भारी बर्फबारी से रास्ते बंद हो सकते हैं और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



