प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री पद पर सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मध्य प्रदेश बीजेपी राज्यभर में विशेष ‘सेवा दूत’ अभियान शुरू करने जा रही है. इस अभियान को जमीनी स्तर पर असरदार बनाने के लिए भोपाल स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में एक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया.
कार्यशाला का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी विशेष रूप से शामिल हुए. इस प्रशिक्षण सत्र में भोपाल, चंबल, ग्वालियर और नर्मदापुरम संभाग के सेवा दूतों और विधानसभा समन्वयकों को अभियान की बारीकियों से अवगत कराया गया.
हर विधानसभा में तैनात होंगे समर्पित सेवा दूत
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा, उद्देश्यों और उनकी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से समझाया. तय कार्यक्रम के मुताबिक, बीजेपी के सेवा दूत 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर सक्रिय रहेंगे.
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक समर्पित कार्यकर्ता को ‘सेवा दूत’ बनाया गया है, जबकि भौगोलिक रूप से बड़ी और ग्रामीण विधानसभा सीटों पर आवश्यकतानुसार दो-दो कार्यकर्ताओं को यह जिम्मेदारी दी गई है.
सेवा कार्यों के साथ बूथ की मजबूती और फीडबैक पर नजर
इस अभियान के तहत सेवा दूत अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में पहुंचकर समाज की जरूरतों के हिसाब से विभिन्न सेवा गतिविधियां चलाएंगे. हालांकि, पार्टी की नजर केवल सेवा कार्यों तक सीमित नहीं है. इसके साथ ही सेवा दूत बूथ स्तर की समीक्षा करेंगे, संगठनात्मक गतिविधियों का आकलन करेंगे और स्थानीय कार्यकर्ताओं की सक्रियता का फीडबैक भी जुटाएंगे.
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जनसंपर्क बढ़ाने और संगठन को विस्तार देने के साथ ही बीजेपी इस अभियान के जरिए निचले स्तर पर अपने संगठन की नब्ज टटोलने और बूथों को और अधिक मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है.
यह भी पढ़ें: अमेरिका पर जवाबी टैरिफ की मांग, जानें व्यापारियों ने पीएम मोदी से क्या कहा?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




