NZ VS ENG: टी-20 वर्ल्ड कप में शुक्रवार को सुपर-8 ग्रुप 2 का रोमांचक मुकाबला न्यूजीलैंड बनाम इंगलैंड के बीच खेला गया. यह हाईवोल्टेज मैच श्रीलंका के आर प्रमादास स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां इंग्लैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज की.
न्यूजीलैंड ने बनाए 159 रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन बनाए. टीम को टिम सेफर्ट (35) और फिन एलन (29) ने 64 रनों की तेज साझेदारी के साथ अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन इसके बाद मध्यक्रम लड़खड़ा गया. रचिन रवींद्र (11), मार्क चैपमैन (15) और डेरिल मिचेल (3) बड़ी पारी नहीं खेल सके.
ग्लेन फिलिप्स ने 28 गेंदों में 39 रन बनाकर पारी संभालने की कोशिश की, जबकि कोल मैककॉन्ची ने 14 रन जोड़े. इंग्लैंड की ओर से स्पिनरों ने शानदार प्रदर्शन किया. रेहान अहमद, आदिल राशिद और विल जैक्स ने दो-दो विकेट लिए, जबकि लियाम डॉसन को एक सफलता मिली.
इंगलैंड ने ऐसे जीता मैच
159 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने 2 रन पर ही फिल साल्ट (2) और जोस बटलर को गंवा दिया. इसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक (26) और जैकब बेथेल (21) ने 48 रन जोड़कर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन दोनों जल्द ही आउट हो गए.
सैम करन (24) और टॉम बैंटन (33) ने पांचवें विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी कर मुकाबले में वापसी कराई. 16.5 ओवर में इंग्लैंड का स्कोर 6 विकेट पर 117 रन था, लेकिन यहां से रेहान अहमद (नाबाद 19) और विल जैक्स (नाबाद 32) ने 44 रनों की अहम साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी.
सेमीफाइनल की रेस हुई रोमांचक
सुपर-8 ग्रुप 2 में इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुका है. अब दूसरे स्थान के लिए न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच कड़ी टक्कर है. दोनों में से एक टीम ही सेमीफाइनल में जगह बना पाएगी, जिससे आने वाले मुकाबले और भी दिलचस्प हो गए हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

