Rinku Singh government job Uttar Pradesh 3 crore award: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खेल कोटे के तहत भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह को राजपत्रित अधिकारी (Gazetted Officer) के रूप में ‘क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी’ नियुक्त करने की घोषणा की है. इस सम्मान के साथ ही राज्य सरकार ने रिंकू को 3 करोड़ रुपये की भारी-भरकम आर्थिक सहायता देने का भी ऐलान किया है.
हालांकि, लखनऊ में आयोजित भव्य नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में रिंकू सिंह (Rinku Singh) की अनुपस्थिति ने कई सवाल खड़े किए थे, जिस पर खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी चुटकी लेते हुए कहा कि रिंकू को आज यहाँ होना था लेकिन शायद किसी जरूरी काम में फंसे हैं. अब रिंकू सिंह ने खुद एक वीडियो संदेश जारी कर इस सस्पेंस से पर्दा उठा दिया है और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है.
वीडियो जारी कर क्या बोले रिंकू?
सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में रिंकू सिंह ने स्पष्ट किया कि वह अपनी आईपीएल (IPL) फ्रेंचाइजी के प्री-सीजन ट्रेनिंग कैंप में व्यस्त होने के कारण समारोह में शामिल नहीं हो सके. रिंकू ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दी गई यह जिम्मेदारी और 3 करोड़ रुपये की सम्मान राशि उनके और उनके परिवार के लिए बहुत बड़ा गौरव है.
उन्होंने यह भी बताया कि जैसे ही उन्हें कैंप से मोहलत मिलेगी, वह तुरंत लखनऊ पहुँचकर व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और अपना नियुक्ति पत्र प्राप्त कर आधिकारिक तौर पर पदभार ग्रहण करेंगे. खेल निदेशालय के अनुसार, रिंकू को ऐसी प्रशासनिक भूमिका दी जाएगी जिससे वह अपने क्रिकेट करियर के साथ-साथ राज्य के उभरते खिलाड़ियों को भी प्रशिक्षित कर सकें.
रिंकू के निजी जीवन में उतार-चढ़ाव
रिंकू सिंह के लिए यह उपलब्धि एक कठिन दौर के बाद आई है. हाल ही में जब वह भारतीय टी-20 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा थे, तब टूर्नामेंट के बीच में ही उनके पिता का दुखद निधन हो गया था. रिंकू को आनन-फानन में अलीगढ़ लौटकर अंतिम संस्कार की रस्में पूरी करनी पड़ी थीं जिसके तुरंत बाद वह अपने पेशेवर कर्तव्य को निभाते हुए दोबारा टीम से जुड़ गए थे.
वहीं उनकी (Rinku Singh) निजी जिंदगी में खुशियों ने भी दस्तक दी है. रिंकू की सगाई मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज के साथ हुई है, जो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा का विषय बनी हुई है. राजनीति और खेल के इस मिलन के बीच रिंकू का सरकारी अधिकारी बनना उनके करियर में एक नया अध्याय जोड़ रहा है.
यह भी पढ़ें: UN में गूंजी इमरान खान की ‘चीख’! बेटे कासिम ने खोली पाकिस्तान की पोल, बोला-‘डेथ सेल में कैद हैं मेरे पिता’
‘धुरंधर’ की तरह मैदान पर वापसी की तैयारी
रिंकू सिंह की सफलता की कहानी संघर्षों से भरी रही है और अब ‘क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी’ के रूप में उनकी नियुक्ति यह साबित करती है कि प्रतिभा कभी छिपती नहीं है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके जुझारू व्यक्तित्व की सराहना करते हुए उन्हें युवाओं के लिए रोल मॉडल बताया है. एक तरफ जहाँ वह मैदान पर विपक्षी गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने के लिए मशहूर हैं.
वहीं अब वह सरकारी फाइलों और खेल प्रशासन की जिम्मेदारी संभालते हुए उत्तर प्रदेश के खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में मदद करेंगे. क्रिकेट फैंस अब रिंकू को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में न केवल चौके-छक्के मारते हुए बल्कि एक ‘साहब’ के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी निभाते हुए देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



