Iran 5 Powerful Weapons
Iran 5 Powerful Weapons: पिछले करीब एक महीने से ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले जारी हैं. इन हमलों में कई सैन्य ठिकाने और हथियारों के ठिकाने नष्ट किए गए, लेकिन इसके बावजूद ईरान के कुछ खास हथियार अभी भी सक्रिय हैं. ये हथियार तेज मोबाइल लॉन्चर और छिपने में माहिर हैं, जिससे इन्हें रोकना आसान नहीं है. आइए जानते हैं ईरान के 5 ताकतवर हथियार.
1. फतह हाइपरसोनिक मिसाइल (Fateh hypersonic missile)
ईरान की फतह-1 और फतह-2 बेहद तेज मिसाइलें हैं, जो ध्वनि की गति से कई गुना तेज चलती हैं. इनकी खास बात यह है कि ये उड़ान के दौरान दिशा बदल सकती हैं. यही वजह है कि आधुनिक डिफेंस सिस्टम भी इन्हें रोकने में नाकामयाब हैं. इन्हें भूमिगत ठिकानों में छिपाकर रखा जाता है और मोबाइल लॉन्चर से कहीं से भी दागा जा सकता है.

2. जोल्फगार बैलिस्टिक मिसाइल (Zolfaghar ballistic missile)
जोल्फगार एक सॉलिड फ्यूल मिसाइल है, जिसे बहुत कम समय में लॉन्च किया जा सकता है. इसे ट्रक पर ले जाकर तुरंत इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे इसकी लोकेशन पकड़ना मुश्किल होता है. इसका वारहेड भारी होता है, जो लक्ष्य पर गिरने के बाद बड़ा नुकसान पहुंचाता है.

3. शाहेद-136 अटैक ड्रोन (Shahed 136 drone)
यह ईरान का सस्ता लेकिन प्रभावी हथियार है. इसकी कीमत कम होने के कारण इसे बड़ी संख्या में तैयार किया जाता है. ये ड्रोन कम ऊंचाई पर उड़ते हैं और रडार से बच निकलते हैं. अक्सर इन्हें झुंड में छोड़ा जाता है, जिससे दुश्मन के डिफेंस सिस्टम पर दबाव बढ़ जाता है.

4. शाहाब-3 बैलिस्टिक मिसाइल (Shahab 3 missile)
शाहाब-3 एक मीडियम रेंज मिसाइल है, जिसकी मारक क्षमता काफी लंबी है. यह दूर के लक्ष्यों को आसानी से निशाना बना सकती है. इसमें क्लस्टर वारहेड लगाने की क्षमता भी होती है, जिससे एक ही हमले में बड़े इलाके को नुकसान पहुंचाया जा सकता है.

5. खोर्रमशहर-4 मिसाइल (Khorramshahr-4 missile)
यह लंबी दूरी की शक्तिशाली मिसाइल है, जो एक साथ कई लक्ष्यों पर हमला कर सकती है. इसकी रेंज करीब 2000 किलोमीटर तक मानी जाती है. इसमें कई वारहेड लगाए जा सकते हैं, जिससे इसका असर और बढ़ जाता है.
लगातार हमलों के बावजूद ईरान के ये हथियार सक्रिय हैं. इनकी सबसे बड़ी ताकत इनकी गति, मोबाइल लॉन्चिंग और छिपने की क्षमता है. यही कारण है कि ये आधुनिक डिफेंस सिस्टम के लिए भी चुनौती बने हुए हैं और क्षेत्र में तनाव को बढ़ा रहे हैं.

-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

